Suryakumar Yadav Gives VIP Treatment to Sanju Samson: तिरुवनंतपुरम। न्यूजीलैंड के खिलाफ पांचवें और आखिरी टी20 मुकाबले से पहले भारतीय टीम केरल पहुंच चुकी है। तिरुवनंतपुरम एयरपोर्ट पर टीम इंडिया के स्वागत के दौरान एक दिलचस्प वाकया देखने को मिला, जब कप्तान सूर्यकुमार यादव ने स्थानीय खिलाड़ी संजू सैमसन को खास VIP ट्रीटमेंट दिया।
दरअसल, जैसे ही टीम एयरपोर्ट पर उतरी, केरल के अपने चहेते क्रिकेटर संजू सैमसन के समर्थन में नारे गूंजने लगे। टीम के खिलाड़ी जब एयरपोर्ट से बाहर निकलकर बस की ओर बढ़ रहे थे, तभी सूर्या संजू के साथ चलते नजर आए। इसी दौरान कप्तान ने मुस्कुराते हुए कहा “चेता को डिस्टर्ब मत करो”, और हाथ के इशारे से संजू को आगे बढ़ने का संकेत दिया। यह पल कैमरे में कैद हो गया और सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
इस वीडियो को बीसीसीआई ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट पर साझा किया है। वीडियो में सूर्या, संजू से ‘गॉड्स ओन कंट्री’ में आने का अनुभव पूछते हैं। जवाब में संजू कहते हैं कि केरल आना हमेशा खास होता है, लेकिन इस बार यह दौरा उनके लिए और भी विशेष है।
गौरतलब है कि संजू सैमसन को टी20 वर्ल्ड कप 2026 और न्यूजीलैंड सीरीज के लिए विकेटकीपर-बल्लेबाज के तौर पर टीम में चुना गया है। शुभमन गिल को बाहर कर उन्हें मौका दिया गया, हालांकि मौजूदा सीरीज में उनका प्रदर्शन निराशाजनक रहा है। शुरुआती चार मैचों में संजू के स्कोर क्रमशः 10, 6, 0 और 24 रन रहे हैं। चौथे टी20 में उन्हें अच्छी शुरुआत मिली थी, लेकिन बड़ी पारी खेलने से पहले ही उन्होंने विकेट गंवा दिया।
लगातार खराब फॉर्म के चलते संजू आलोचनाओं के घेरे में हैं, लेकिन अब तिरुवनंतपुरम में होने वाला पांचवां टी20 उनके लिए खुद को साबित करने का अहम मौका माना जा रहा है। चूंकि भारतीय टीम पहले ही सीरीज जीत चुकी है, ऐसे में टीम मैनेजमेंट उन्हें एक और अवसर दे सकता है। हालांकि, अगर घरेलू मैदान पर भी उनका बल्ला नहीं चला, तो वर्ल्ड कप की प्लेइंग इलेवन में जगह बनाना उनके लिए मुश्किल हो सकता है।
