Damien Martyn in Coma: ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट के महान बल्लेबाज और 2003 विश्व कप विजेता टीम के सदस्य डेमियन मार्टिन गंभीर बीमारी से जूझ रहे हैं। 54 वर्षीय मार्टिन को मेनिनजाइटिस (दिमागी बुखार) के चलते अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां डॉक्टरों ने उन्हें इंड्यूस्ड कोमा में रखा है। उनकी हालत फिलहाल स्थिर लेकिन चिंताजनक बताई जा रही है।
क्रिसमस के आसपास बिगड़ी तबीयत
जानकारी के मुताबिक, बॉक्सिंग डे के आसपास डेमियन मार्टिन की तबीयत अचानक खराब हो गई थी, जिसके बाद उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया। जांच में मेनिनजाइटिस की पुष्टि होने पर डॉक्टरों ने बेहतर इलाज के लिए उन्हें कोमा में रखने का फैसला किया।
एडम गिलक्रिस्ट ने की पुष्टि
मार्टिन के करीबी दोस्त और ऑस्ट्रेलिया के पूर्व विकेटकीपर-बल्लेबाज एडम गिलक्रिस्ट ने उनकी बीमारी की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि मार्टिन को सर्वोत्तम चिकित्सा सुविधा मिल रही है और परिवार को दुनिया भर से मिल रही दुआओं और शुभकामनाओं की जानकारी है।

पूर्व ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेटर डैरेन लेहमैन ने सोशल मीडिया पर लिखा, “डेमियन मार्टिन के लिए ढेर सारा प्यार और दुआएं। मजबूत रहो, फाइटिंग लेजेंड।”
क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया का बयान
क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया के सीईओ टॉड ग्रीनबर्ग ने भी चिंता जताते हुए कहा,
“डेमियन की बीमारी की खबर सुनकर दुख हुआ। पूरा क्रिकेट समुदाय इस समय उनके साथ है और हम उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना करते हैं।”
2003 वर्ल्ड कप फाइनल की ऐतिहासिक पारी
डेमियन मार्टिन को ऑस्ट्रेलिया के सबसे भरोसेमंद मध्यक्रम बल्लेबाजों में गिना जाता है। 2003 वनडे वर्ल्ड कप फाइनल में भारत के खिलाफ खेली गई उनकी नाबाद 88 रन की पारी क्रिकेट इतिहास की यादगार पारियों में शामिल है। उसी पारी ने ऑस्ट्रेलिया को विश्व विजेता बनाने में अहम भूमिका निभाई थी।

शानदार अंतरराष्ट्रीय करियर
डेमियन मार्टिन ने 1992 से 2006 तक ऑस्ट्रेलिया के लिए अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट खेला।
- टेस्ट क्रिकेट: 67 मैच, 4,406 रन, औसत 46.37, 13 शतक
- वनडे क्रिकेट: 208 मैच, 5,346 रन, औसत 40.80, 4 शतक
- टी20 क्रिकेट: 4 मैच, 120 रन
संन्यास के बाद वे कुछ समय तक कमेंट्री से भी जुड़े रहे। फिलहाल क्रिकेट जगत की नजरें डेमियन मार्टिन की सेहत पर टिकी हैं और फैंस उनके जल्द ठीक होने की दुआ कर रहे हैं।
