रायपुर, 1 अगस्त 2025।
मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने आज नई दिल्ली स्थित संसद भवन में केंद्रीय गृह मंत्री श्री अमित शाह से सौजन्य भेंट की। इस दौरान दोनों नेताओं के बीच छत्तीसगढ़ के समग्र विकास, नक्सल समस्या से निपटने की रणनीति, और आगामी ‘अमृत रजत महोत्सव 2025’ की तैयारियों को लेकर विस्तृत चर्चा हुई।
मुख्यमंत्री श्री साय ने गृह मंत्री को माओवादी विरोधी अभियानों की प्रगति से अवगत कराते हुए बताया कि दिसंबर 2023 से अब तक राज्य में 33 बड़ी मुठभेड़ें हुई हैं, जिनमें कई शीर्ष माओवादी नेता मारे गए। इन अभियानों में 445 माओवादी न्यूट्रलाइज, 1554 गिरफ्तार, और 1588 माओवादियों ने आत्मसमर्पण किया है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य सरकार ‘समन्वित विकास और सुरक्षा’ की नीति पर कार्य कर रही है, जिसके अंतर्गत सुदूर अंचलों में सड़क, शिक्षा, और स्वास्थ्य सेवाओं का तेजी से विस्तार किया जा रहा है। इस नीति से माओवादी प्रभाव में गिरावट आई है और स्थानीय जनता का प्रशासन में विश्वास मजबूत हुआ है।
गृह मंत्री श्री अमित शाह ने छत्तीसगढ़ सरकार की इस दिशा में की जा रही कोशिशों की प्रशंसा करते हुए इसे “ऐतिहासिक उपलब्धि” बताया और केंद्र की ओर से हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया।
बैठक में छत्तीसगढ़ के गठन के 25 वर्षों के उपलक्ष्य में आयोजित होने वाले ‘अमृत रजत महोत्सव 2025’ की तैयारियों पर भी चर्चा हुई। मुख्यमंत्री ने बताया कि यह आयोजन राज्य की सांस्कृतिक समृद्धि, सामाजिक सौहार्द्र और विकास यात्रा को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रदर्शित करेगा।
मुख्यमंत्री श्री साय ने बस्तर अंचल में केंद्र सरकार के सहयोग के लिए गृह मंत्री श्री शाह का आभार भी व्यक्त किया।