जिला पंचायत कोंडागांव के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री अविनाश भोई के मार्गदर्शन में फरसगांव ब्लॉक के ग्राम पंचायत भानपुरी में ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान के माध्यम से राजमिस्त्री प्रशिक्षण कार्यक्रम का सफल आयोजन किया जा रहा है।
कार्यक्रम में कुल 35 प्रशिक्षणार्थी शामिल हुए हैं। इन्हें एक माह तक राजमिस्त्री कार्य का व्यवहारिक एवं तकनीकी प्रशिक्षण प्रदान किया जा रहा है। विशेष बात यह है कि प्रशिक्षण को कार्यस्थल पर ही संचालित किया जा रहा है, जिससे युवाओं को व्यावहारिक अनुभव और कौशल विकास में मदद मिल रही है।
इस पहल से न केवल आसपास के क्षेत्रों में मिस्त्री की कमी दूर होगी बल्कि प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के अंतर्गत स्वीकृत आवास निर्माण कार्यों में भी गति आएगी। प्रशिक्षण प्राप्त युवा भविष्य में रोजगार के नए अवसर प्राप्त करेंगे, जिससे उनकी आर्थिक स्थिति मजबूत होगी।
इस अवसर पर प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) कोंडागांव के आवास समन्वयक एवं सहायक अभियंता भी उपस्थित रहे।
