जशपुर। रक्षाबंधन के पावन अवसर पर छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय शनिवार को दो दिवसीय दौरे पर अपने गृह जिले जशपुर पहुंचे। बगिया स्थित हेलीपैड पर उनका जोरदार स्वागत किया गया, जहां फूल-मालाओं से उनका अभिनंदन हुआ। इस दौरान जिले के विभिन्न इलाकों से आई महिलाओं ने मुख्यमंत्री को राखी बांधकर उनके दीर्घायु और समृद्धि की कामना की।
‘नवीन जशपुर एक्सप्रेस’ का शुभारंभ
रक्षाबंधन के इस अवसर पर मुख्यमंत्री साय ने जशपुर की महिलाओं को आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में एक अहम पहल दी। उन्होंने राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (एनआरएलएम) की बिहान योजना के अंतर्गत ‘नवीन जशपुर एक्सप्रेस’ की शुरुआत की। इस योजना के तहत 12 महिलाओं को ई-रिक्शा वितरित किए गए।
ई-रिक्शा पाकर महिलाएं गदगद नजर आईं और मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह उपहार उन्हें आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम है। उन्होंने इसे रक्षाबंधन के सबसे खास तोहफों में से एक बताया।

सीएम का भावुक संबोधन
कार्यक्रम में उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा, “इस बार मैंने रक्षाबंधन अपने घर बगिया में, अपने क्षेत्र के लोगों के साथ मनाने का निर्णय लिया था। यह मेरे लिए बेहद भावुक और सुखद क्षण है।” उन्होंने महिलाओं की आर्थिक स्वतंत्रता पर जोर देते हुए कहा कि बिहान योजना के तहत दी गई सुविधाएं जशपुर की महिलाओं को मजबूत बनाएंगी और उन्हें अपने जीवन में नई दिशा देंगी।
बिहान योजना: आर्थिक स्वावलंबन की राह
बिहान योजना का उद्देश्य ग्रामीण महिलाओं को स्वरोजगार के अवसर प्रदान करना और उन्हें आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाना है। ई-रिक्शा वितरण इसी पहल का हिस्सा है, जिससे महिलाएं न केवल अपनी आजीविका चला सकेंगी, बल्कि समाज में आत्मसम्मान और स्वतंत्रता के साथ आगे बढ़ेंगी।