रायपुर, प्रदेश में खरीफ सीजन की खेती तेजी से जारी है। अब तक छत्तीसगढ़ में 36.42 लाख हेक्टेयर क्षेत्र में धान, मक्का, कोदो, कुटकी, अरहर, मूंग, मूंगफली और रामतिल जैसी फसलों की बोनी हो चुकी है, जो राज्य के निर्धारित लक्ष्य 48.85 लाख हेक्टेयर का 75 प्रतिशत है।
मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि किसानों को उनकी मांग के अनुसार आसानी से खाद और बीज उपलब्ध कराएं। कृषि मंत्री श्री रामविचार नेताम के मार्गदर्शन में कृषि विभाग इस पूरी प्रक्रिया पर सतत निगरानी रख रहा है।
अब तक किसानों को 10.20 लाख मीट्रिक टन खाद और 7.22 लाख क्विंटल प्रमाणित बीज वितरित किए जा चुके हैं। वर्षा की बात करें तो 21 जुलाई तक प्रदेश में औसतन 446.1 मिमी वर्षा दर्ज की गई है, जबकि वार्षिक औसत वर्षा 1238.7 मिमी है।
बीज वितरण की स्थिति:
- लक्ष्य: 4.95 लाख क्विंटल
- भंडारण: 7.88 लाख क्विंटल
- वितरण: 7.22 लाख क्विंटल (मांग का 146%)
खाद वितरण की स्थिति:
- लक्ष्य: 14.62 लाख मीट्रिक टन
- भंडारण: 13.78 लाख मीट्रिक टन
- वितरण: 10.20 लाख मीट्रिक टन (लक्ष्य का 70%)
कृषि विभाग ने खाद-बीज वितरण व्यवस्था में गड़बड़ी पर कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। साथ ही सभी सोसायटियों में पर्याप्त भंडारण और सतत निगरानी सुनिश्चित की जा रही है।