पोलियो दिवस के अवसर पर छत्तीसगढ़ में पल्स पोलियो अभियान का आयोजन 21 से 23 दिसंबर 2025 तक किया जाएगा। अभियान के पहले दिन 21 दिसंबर को प्रदेशभर में 0 से 5 वर्ष आयु वर्ग के सभी बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाने का लक्ष्य रखा गया है। वहीं 22 एवं 23 दिसंबर को पोलियो की खुराक से छूटे हुए बच्चों को घर-घर जाकर टीकाकरण किया जाएगा।
पोलियो अभियान के सफल संचालन को लेकर बुधवार को मंत्रालय महानदी भवन, अटल नगर, नवा रायपुर में राज्य स्तरीय टीकाकरण टास्क फोर्स समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग के सचिव श्री अमित कटारिया ने की।
बैठक में सचिव श्री कटारिया ने स्पष्ट निर्देश दिए कि पल्स पोलियो अभियान में कोई भी बच्चा छूटने न पाए। इसके लिए शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में व्यापक प्रचार-प्रसार, घर-घर पहुंच सुनिश्चित करने और संवेदनशील क्षेत्रों पर विशेष फोकस करने के निर्देश दिए गए। उन्होंने कहा कि 21 दिसंबर को अभियान की सफलता पूरे कार्यक्रम की दिशा तय करेगी।
बैठक में डॉ. संजीव कुमार झा (संचालक, स्वास्थ्य सेवाएं), डॉ. निर्मला यादव (संयुक्त संचालक, आरसीएच), श्री डी.एस. मरावी (महिला एवं बाल विकास विभाग), बी.एल. देवांगन (लोक शिक्षण विभाग), निशा सिंह (यूएनडीपी), नितिन पाटिल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। सभी ने विभागीय समन्वय के साथ अभियान को शत-प्रतिशत सफल बनाने की प्रतिबद्धता व्यक्त की।
बैठक में उप संचालक एवं राज्य टीकाकरण अधिकारी डॉ. वी.आर. भगत ने अभियान की संपूर्ण रूपरेखा प्रस्तुत की। उन्होंने माइक्रो प्लानिंग, बूथ व्यवस्था, मोबाइल एवं ट्रांजिट टीमों तथा निगरानी तंत्र की विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि अभियान तीन दिनों तक चलाया जाएगा, जिससे कोई भी पात्र बच्चा टीकाकरण से वंचित न रह जाए।
