रायपुर, 17 मई 2025 — पाकिस्तान के खिलाफ चलाए गए ऑपरेशन सिंदूर के समर्थन में आज पूरे छत्तीसगढ़ में तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया। राज्य के सभी जिलों में भारतीय सेना के शौर्य और बलिदान को सम्मान देने के उद्देश्य से यह रैली निकाली गई। इस मौके पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने जशपुर जिले में तिरंगा यात्रा में भाग लिया।
जशपुर यात्रा की शुरुआत से पहले मुख्यमंत्री साय चराईडांड स्थित शिव मंदिर पहुंचे, जहां उन्होंने पूजा-अर्चना कर प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि की कामना की। इसके बाद उन्होंने रैली में हिस्सा लेकर देशभक्ति और एकजुटता का संदेश दिया।
भाजपा द्वारा आयोजित इस तिरंगा यात्रा का मकसद राज्य की जनता में राष्ट्रभक्ति की भावना जागृत करना और राष्ट्रीय सुरक्षा को लेकर जन-जागरूकता फैलाना था। यात्रा के दौरान लोगों में खासा उत्साह देखने को मिला। जगह-जगह झंडे, देशभक्ति के गीत, और युवाओं की भारी भागीदारी ने माहौल को और भी जोशीला बना दिया।
तस्वीरों और वीडियोज में रैलियों का उल्लास साफ नजर आ रहा है, जो इस देशभक्ति अभियान की सफलता को दर्शाता है।