छत्तीसगढ़ राज्य जैव विविधता बोर्ड आदिवासी क्षेत्रों के युवाओं को कौशल विकास से जोड़कर जैव-विविधता संरक्षण को नई दिशा दे रहा है। वन मंत्री श्री केदार कश्यप की पहल पर पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग के सहयोग से शुरू किए गए इस हरित कौशल विकास कार्यक्रम का उद्देश्य आदिवासी युवाओं को पर्यावरण संरक्षण, पारंपरिक ज्ञान और आधुनिक तकनीकों से जोड़ते हुए उनके लिए रोजगार के अवसर बढ़ाना है।
जैव विविधता संरक्षण बना आजीविका का सशक्त माध्यम
वन मंत्री श्री केदार कश्यप ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में सरकार का यह प्रयास वन क्षेत्रों में रहने वाले युवाओं को कौशल, ज्ञान और रोजगार उपलब्ध कराने के साथ-साथ जैव विविधता संरक्षण के अभियान को भी नई मजबूती दे रहा है। इस प्रशिक्षण से युवा पर्यावरण-मित्र करियर की ओर प्रेरित हो रहे हैं और स्थानीय संसाधनों के संरक्षण में उनकी सीधी भागीदारी सुनिश्चित हो रही है।
प्रथम चरण में 105 युवाओं को मिला विशेष प्रशिक्षण
कार्यक्रम के प्रथम चरण में जांजगीर, कटघोरा, कोरबा, जगदलपुर, बीजापुर, सुकमा सहित विभिन्न जिलों के कुल 105 युवाओं ने भाग लिया। 10 से 30 दिनों के प्रशिक्षण में प्रतिभागियों को बिना किसी शुल्क के निम्न विषयों पर व्यावहारिक ज्ञान दिया गया—
- जैव विविधता पहचान
- फील्ड भ्रमण
- पारिस्थितिक संवेदनशीलता
- औषधीय पौधों की पहचान
- दस्तावेजीकरण
- वन संपदा संरक्षण
- हर्बेरियम निर्माण एवं सर्वेक्षण तकनीक
विशेष रूप से आकांक्षी जिला सुकमा के 65 युवाओं ने जंगलों में पाई जाने वाली 153 पौधों की प्रजातियों और 47 पक्षियों की प्रजातियों की पहचान की।
वैज्ञानिक तरीके से परंपरागत ज्ञान का संरक्षण
प्रशिक्षण कार्यक्रम का एक प्रमुख उद्देश्य युवाओं को वैज्ञानिक ढंग से स्थानीय परंपरागत वन ज्ञान को सुरक्षित रखने की तकनीक सिखाना है। इससे ग्रामीण समुदायों में जैव विविधता के प्रति जागरूकता बढ़ी है और प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण में उनकी सक्रिय भूमिका भी मजबूत हुई है।
दुर्लभ प्रजातियों की पहचान कर पा रहे युवा, खुल रहे रोजगार के रास्ते
प्रशिक्षण के बाद कई युवा अब अपने क्षेत्र में पाए जाने वाले दुर्लभ पौधों और जीवों की पहचान करने में सक्षम हो गए हैं। अनेक प्रशिक्षित युवा ईको-गाइड, नेचर गाइड, बैचलर सर्वे टीम और ईको-टूरिज्म गतिविधियों से जुड़कर रोजगार प्राप्त कर रहे हैं। इससे स्थानीय स्तर पर आजीविका के नए अवसर भी विकसित हो रहे हैं।
