रायपुर : मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने आज राजधानी रायपुर के डीडीयू ऑडिटोरियम में आयोजित गरिमामय समारोह में छत्तीसगढ़ तेलघानी विकास बोर्ड के नव नियुक्त अध्यक्ष जितेन्द्र कुमार साहू के पदभार ग्रहण और अभिनंदन समारोह में हिस्सा लिया। इस मौके पर मुख्यमंत्री साय ने साहू को उनके नए दायित्व के लिए हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दीं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आज का दिन छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक विरासत और श्रमशीलता का सम्मान है, जिसने सदियों से प्रदेश की आत्मा को संजोए रखा है। उन्होंने कहा कि जितेन्द्र साहू एक शिक्षित, प्रगतिशील किसान हैं और सामाजिक जीवन का अनुभव रखते हैं। उनके नेतृत्व में तेलघानी विकास बोर्ड नई ऊंचाइयों को छूने में सफल होगा।

मुख्यमंत्री ने बताया कि गर्मियों में जल और ऊर्जा की अधिक आवश्यकता होती है, ऐसे में तिलहन फसलों को बढ़ावा देना जरूरी है। सरकार किसानों के लिए कई योजनाएं चला रही है, जिनसे छत्तीसगढ़ के लोग लाभान्वित होंगे। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘लोकल फॉर वोकल’ अभियान का भी उल्लेख किया, जिसमें तेलघानी विकास बोर्ड योगदान दे सकता है।
मुख्यमंत्री ने सरगुजा जिले के एक गांव का उदाहरण देते हुए कहा कि वहां के किसान ऑर्गेनिक चावल और पारंपरिक विधि से निकाले गए सरसों के तेल की ऊंची कीमतों पर बिक्री कर रहे हैं। ऐसे नवाचारों को राज्य भर में प्रोत्साहित करने की आवश्यकता है।
मुख्यमंत्री ने यह भी बताया कि उनकी सरकार ने ‘मोदी की गारंटी’ के तहत कई वादों को पूरा किया है। 30 अप्रैल तक ‘आवास सर्वेक्षण प्लस प्लस’ अभियान के तहत आवासहीन व्यक्तियों को आवास प्रदान किया जाएगा। इसके अलावा, पंचायती राज दिवस के अवसर पर प्रदेश के 1460 गांवों में ‘अटल डिजिटल सुविधा केंद्र’ की शुरुआत की गई है, जिससे सरकारी योजनाओं का लाभ सीधे आम नागरिकों तक पहुंचेगा।

उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने भी साहू समाज के शिक्षित और प्रगतिशील किसान जितेन्द्र कुमार साहू को तेलघानी विकास बोर्ड का अध्यक्ष बनाए जाने पर अपनी खुशी जताई और कहा कि उनके नेतृत्व में बोर्ड अपने उद्देश्यों को सफलतापूर्वक पूरा करेगा।
इस अवसर पर विधायक सुनील सोनी, ईश्वर साहू, दीपेश साहू, डोमन लाल कोर्सेवाड़ा सहित विभिन्न मंडल आयोगों के अध्यक्ष, तेलघानी विकास बोर्ड के अधिकारी-कर्मचारी और गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।