खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 के दौरान अवैध धान के क्रय-विक्रय और भंडारण पर रोक लगाने के लिए जिला प्रशासन मुगेली लगातार कड़ी कार्रवाई कर रहा है। इसी क्रम में राजस्व विभाग, खाद्य विभाग और मंडी की संयुक्त टीम ने आविदा फूड ग्रेन्स, सारधा में दबिश दी।
लोरमी एसडीएम अजीत पुजारी ने बताया कि फर्म का ताला तोड़कर परिसर की जांच की गई, जहां अवैध रूप से संग्रहित धान पाया गया। कार्रवाई में एक पिकअप और एक माजदा वाहन में भरे 661 बारदाने सहित कुल 264 क्विंटल से अधिक धान जप्त किया गया, जिसे कृषि उपज मंडी, लोरमी के सुपुर्द कर दिया गया है।
जिला खाद्य अधिकारी ने बताया कि कलेक्टर के निर्देश पर जिले में अवैध धान भंडारण और परिवहन रोकने के लिए सीमाओं और चेकपोस्ट पर 24 घंटे सघन निगरानी की जा रही है। संदिग्ध वाहनों एवं परिवहन गतिविधियों पर विशेष नजर रखी जा रही है। सभी आंतरिक चेकपोस्ट पर टीमें तैनात हैं और निगरानी दल रात्रिकालीन गश्त कर संदिग्ध वाहनों की सघन जांच कर रहा है। मंडी अधिनियम के प्रावधानों के अंतर्गत आवश्यक कार्रवाई निरंतर जारी है।
