CG Assembly Winter Session 2025: रायपुर। छत्तीसगढ़ विधानसभा के शीतकालीन सत्र के पहले दिन सदन में ‘विजन 2047’ को लेकर विशेष चर्चा हुई। इस अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने विधानसभा को संबोधित करते हुए नए विधानसभा भवन में कार्यवाही शुरू होने पर सभी सदस्यों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह भवन लोकतंत्र को और मजबूत बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि आज से 25 वर्ष पहले इसी दिन छत्तीसगढ़ विधानसभा का पहला सत्र आयोजित हुआ था, जो जशपुर हॉल में संपन्न हुआ था। उन्होंने बताया कि इस हॉल का निर्माण स्वर्गीय दिलीप सिंह जूदेव ने अपनी सांसद निधि से कराया था और जशपुर से जुड़ाव होने के कारण उन्हें इस बात का विशेष गर्व है। मुख्यमंत्री ने नए विधानसभा भवन के उद्घाटन पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आगमन के लिए आभार भी जताया।
विजन 2047 पर बात करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि विकसित छत्तीसगढ़ की रूपरेखा तैयार करने के लिए सरकार ने सत्ता संभालते ही काम शुरू कर दिया था। वित्त मंत्री ओपी चौधरी के मार्गदर्शन में तैयार इस विजन डॉक्यूमेंट को समाज के हर वर्ग से संवाद कर अंतिम रूप दिया गया है। उन्होंने कहा कि पूरे देश में विजन 2047 के लक्ष्य को लेकर प्रयास किए जा रहे हैं और छत्तीसगढ़ भी इसी दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत आज दुनिया की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन चुका है। इसी सोच के साथ विकसित छत्तीसगढ़ 2047 का विजन तैयार किया गया है। इसमें शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि सहित कुल 13 प्रमुख क्षेत्रों को शामिल किया गया है, ताकि समग्र और संतुलित विकास सुनिश्चित किया जा सके।
मुख्यमंत्री ने कहा कि एक समय छत्तीसगढ़ में भूख से मौत की घटनाएं होती थीं, लेकिन आज राज्य ने विकास की लंबी और मजबूत यात्रा तय की है। उन्होंने दावा किया कि वर्तमान सरकार ने अपने हर वादे को पूरा किया है। सरकार के गठन के बाद पहली ही कैबिनेट बैठक में 18 लाख आवासों को स्वीकृति दी गई और लगातार आवास उपलब्ध कराने का काम किया गया। किसानों से किए गए वादों को भी सरकार ने पूरी ईमानदारी से निभाया है।
