उप मुख्यमंत्री एवं खेल एवं युवा कल्याण मंत्री श्री अरुण साव ने बेंगलुरू स्थित भारतीय खेल प्राधिकरण (SAI) के नेशनल सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में आयोजित परफॉर्मेंस असेसमेंट कैंप के लिए चयनित छत्तीसगढ़ के खिलाड़ियों को हॉकी किट प्रदान की।
आज नवा रायपुर स्थित अपने शासकीय निवास कार्यालय में श्री साव ने गोलकीपर अल्फाज खान को गोलकीपिंग का संपूर्ण किट तथा फॉरवर्ड पोजिशन में खेलने वाली मधु सिदार और दामिनी खुसरो को हॉकी स्टिक प्रदान की। ये तीनों खिलाड़ी बिलासपुर स्थित स्वर्गीय बी. आर. यादव राज्य प्रशिक्षण केंद्र, बहतराई में पिछले तीन वर्षों से हॉकी का प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं।
उप मुख्यमंत्री श्री साव ने खिलाड़ियों के राष्ट्रीय स्तर के परफॉर्मेंस असेसमेंट कैंप में चयन पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई दी और उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार खिलाड़ियों को हर संभव सुविधाएं उपलब्ध करा रही है, जिससे वे राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन कर सकें।
गौरतलब है कि जून 2022 से खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा संचालित बहतराई के आवासीय प्रशिक्षण केंद्र में वर्तमान में 67 खिलाड़ी हॉकी का प्रशिक्षण ले रहे हैं। राज्य शासन और अनुभवी प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन में यहां से लगातार प्रतिभाशाली खिलाड़ी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना रहे हैं।
हॉकी किट वितरण के अवसर पर खेल एवं युवा कल्याण विभाग के सहायक संचालक श्री ए. एक्का तथा राज्य प्रशिक्षण केंद्र बहतराई के वरिष्ठ हॉकी कोच श्री राकेश टोप्पो भी उपस्थित थे।
रायपुर के अल्फाज खान हाल ही में 12 से 19 दिसंबर तक बेंगलुरू में आयोजित परफॉर्मेंस असेसमेंट कैंप में शामिल हुए थे, जहां भारतीय हॉकी टीम के कोच श्री पी. आर. श्रीजेश ने देशभर से आए खिलाड़ियों के प्रदर्शन का मूल्यांकन किया। वहीं जशपुर की मधु सिदार और बोड़ला (कबीरधाम) की दामिनी खुसरो 16 से 23 जनवरी तक आयोजित होने वाले असेसमेंट कैंप में भाग लेंगी।
इन तीनों खिलाड़ियों ने 15वीं हॉकी इंडिया जूनियर नेशनल चैंपियनशिप में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया था, जिसके आधार पर उनका चयन राष्ट्रीय स्तर के कैंप के लिए हुआ। मधु सिदार और दामिनी खुसरो पिछले वर्ष आयोजित वेस्ट जोन हॉकी चैंपियनशिप की विजेता टीम का हिस्सा रही थीं, जिसमें मधु सिदार सर्वाधिक गोल कर टॉप स्कोरर भी बनी थीं।
