धमतरी, धमतरी जिले के शैक्षणिक, बौद्धिक एवं ज्ञान आधारित विकास को नई ऊँचाई देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि सामने आई है। नगर के प्रतिष्ठित नालंदा परिसर (सेंट्रल लाइब्रेरी सह रीडिंग जोन) को 250 सीटर से विस्तारित कर 500 सीटर किए जाने की स्वीकृति प्राप्त हुई है।
यह अत्याधुनिक एवं बहुमंजिला नालंदा परिसर लगभग 11 करोड़ 22 लाख रुपये की लागत से निर्मित होगा। इससे विद्यार्थियों, प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं तथा अध्ययनशील नागरिकों को उच्चस्तरीय अध्ययन सुविधाएँ उपलब्ध होंगी।
पूर्व में हटकेश्वर वार्ड में 250 सीटर नालंदा परिसर की स्वीकृति मिली थी। जिला प्रशासन और नगर निगम के सतत प्रयासों, सक्रिय पहल और निरंतर संवाद के परिणामस्वरूप मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय द्वारा इस परियोजना को 500 सीटर के रूप में विस्तार की स्वीकृति दी गई। इस विस्तार से अध्ययन क्षमता में उल्लेखनीय वृद्धि होगी और जिले में आधुनिक पुस्तकालय संस्कृति को भी मजबूती मिलेगी।
निर्माण पूर्ण होने के बाद नालंदा परिसर एक आकर्षक, भव्य और सर्वसुविधायुक्त शैक्षणिक भवन के रूप में विकसित होगा। परिसर में शांत और सुव्यवस्थित अध्ययन वातावरण, डिजिटल संसाधन, ई-लाइब्रेरी, वाई-फाई सुविधा, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, वातानुकूलित अध्ययन कक्ष, लिफ्ट सुविधा तथा आधुनिक सुरक्षा व्यवस्थाएँ उपलब्ध कराई जाएँगी। यह परिसर राष्ट्रीय और राज्य स्तरीय प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए एक आदर्श अध्ययन केंद्र सिद्ध होगा।
कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने 500 सीटर नालंदा परिसर को जिले के शैक्षणिक वातावरण को सशक्त करने की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम बताया। उन्होंने कहा कि यह परिसर युवाओं को आधुनिक और संसाधनयुक्त अध्ययन स्थल उपलब्ध कराएगा तथा निर्माण कार्य गुणवत्तापूर्ण, पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से पूर्ण कराया जाएगा।
महापौर रामू रोहरा ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सुशासन और विकास कार्यों को नई गति मिली है। धमतरी के प्रति संवेदनशीलता और दूरदर्शी सोच का यह प्रत्यक्ष उदाहरण है। राज्य सरकार के सहयोग से शिक्षा और अधोसंरचना के क्षेत्र में नई उपलब्धियाँ हासिल होंगी।
प्रस्तावित नालंदा परिसर का निर्माण 0.60 हेक्टेयर भूमि पर किया जाएगा। इसमें ग्राउंड फ्लोर, फर्स्ट फ्लोर, सेकंड फ्लोर और टावर फ्लोर सहित बहुमंजिला लाइब्रेरी भवन, एसीपी एवं वॉल क्लैडिंग, 13 पैसेंजर क्षमता की लिफ्ट तथा 70 यूनिट एयर कंडीशनिंग सिस्टम की व्यवस्था होगी।
इसके अतिरिक्त परिसर में सीसी रोड, पेवर ब्लॉक, बाउंड्री वॉल, गार्ड रूम, भव्य प्रवेश द्वार, लैंडस्केपिंग, बाह्य सेनेटेशन, जल आपूर्ति, बोरवेल, आरसीसी नाली, सेप्टिक टैंक, एलईडी लाइटिंग, सोलर पैनल, ट्रांसफार्मर, सीसीटीवी कैमरा और आधुनिक फायर फाइटिंग सिस्टम की व्यवस्था की जाएगी। नॉन-एसओआर मद के अंतर्गत आधुनिक फर्नीचर, पुस्तकों की समृद्ध व्यवस्था और टेंसाइल रूफ का प्रावधान रहेगा।
समग्र रूप से 500 सीटर नालंदा परिसर धमतरी के युवाओं के लिए ज्ञान, अनुशासन और उज्ज्वल भविष्य का सशक्त केंद्र बनेगा तथा जिले को शिक्षा के क्षेत्र में नई पहचान देगा।
