नई दिल्ली में आयोजित जल जीवन मिशन के राष्ट्रीय नीति संवाद में उप मुख्यमंत्री ने छत्तीसगढ़ के कार्यों की जानकारी दी, सस्टेनेबल पेयजल आपूर्ति के लिए दिए सुझाव
केंद्र सरकार और राज्यों के बीच पंचायतों को हस्तांतरित पेयजल योजनाओं के संचालन एवं रखरखाव पर हुआ मंथन
उप मुख्यमंत्री एवं लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी मंत्री अरुण साव भारत सरकार द्वारा जल जीवन मिशन के अंतर्गत ग्रामीण पेयजल सेवाओं के प्रभावी संचालन एवं अनुरक्षण (O&M) को लेकर आयोजित मिनिस्टर्स लेवल पॉलिसी डायलॉग ऑन सस्टेनेबल ओएंडएम ऑफ रूरल ड्रिंकिंग वाटर सर्विसेस में शामिल हुए। नई दिल्ली में आयोजित इस महत्वपूर्ण नीति संवाद की अध्यक्षता केंद्रीय जल शक्ति मंत्री सी.आर. पाटिल एवं केंद्रीय पंचायती राज मंत्री राजीव रंजन सिंह ने की।
बैठक में केंद्रीय जल शक्ति राज्य मंत्री वी. सोमन्ना, भारत सरकार के सचिव एवं अतिरिक्त सचिव सहित देश के विभिन्न राज्यों के लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी, ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज विभाग के मंत्री एवं वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। नीति संवाद के दौरान भारत सरकार एवं राज्यों के बीच ग्रामीण जलापूर्ति व्यवस्था को दीर्घकालिक, सुदृढ़ एवं प्रभावी बनाने को लेकर गहन विचार-विमर्श किया गया।
उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने संवाद के दौरान छत्तीसगढ़ में जल जीवन मिशन के अंतर्गत किए जा रहे कार्यों, जमीनी स्तर पर सामने आ रही चुनौतियों एवं राज्य की उपलब्धियों की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि मिशन के तहत निर्मित पेयजल योजनाओं को पंचायतों को हस्तांतरित किए जाने के बाद उनका प्रभावी संचालन एवं अनुरक्षण सुनिश्चित करना अत्यंत आवश्यक है, ताकि ग्रामीण क्षेत्रों में निरंतर, सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण जलापूर्ति बनी रह सके।
उन्होंने पंचायतों की सक्रिय भूमिका, स्थानीय सहभागिता एवं तकनीकी सहयोग को जलापूर्ति व्यवस्था की स्थिरता और सफलता का आधार बताया। साथ ही कहा कि सामुदायिक भागीदारी से ही पेयजल योजनाओं को टिकाऊ बनाया जा सकता है।
बैठक में विभिन्न राज्यों से प्राप्त व्यावहारिक अनुभवों एवं सुझावों पर भी चर्चा की गई, जिससे जमीनी स्तर पर ग्रामीण जलापूर्ति व्यवस्था को और अधिक सशक्त, टिकाऊ एवं जनहितकारी बनाया जा सके।
इस अवसर पर राज्य की ओर से जल जीवन मिशन के मिशन संचालक जितेंद्र शुक्ला, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के प्रमुख अभियंता ओंकेश चंद्रवंशी, अधीक्षण अभियंता ए.के. मालवे तथा कार्यपालन अभियंता संजय राठौर ने भी बैठक में सहभागिता की।
