Chhattisgarh Legislative Assembly Budget session: रायपुर। रायपुर में छत्तीसगढ़ विधानसभा का बजट सत्र राज्यपाल रमेन डेका के अभिभाषण के साथ विधिवत प्रारंभ हुआ। नए विधानसभा भवन में आयोजित यह पहला सत्र है। राज्यपाल ने लगभग 49 मिनट के संबोधन में राज्य सरकार की प्राथमिकताओं और केंद्र सरकार की विभिन्न योजनाओं का उल्लेख किया। अभिभाषण समाप्त होने के बाद वंदे मातरम और राष्ट्रगान का प्रसारण किया गया। धन्यवाद प्रस्ताव पर चर्चा 25 फरवरी को निर्धारित की गई है।
योजनाओं और विकास कार्यों का उल्लेख
राज्यपाल ने अपने संबोधन में सरगुजा क्षेत्र में कर्क रेखा से गुजरने वाले स्थान पर शोधशाला स्थापित करने की योजना की जानकारी दी। इसके साथ ही नवा रायपुर के विकास, नवाचार और अधोसंरचना विस्तार पर भी प्रकाश डाला। पूरे भाषण के दौरान विपक्ष की ओर से कोई व्यवधान नहीं हुआ और अभिभाषण शांतिपूर्वक संपन्न हुआ।
ओपी चौधरी ने पेश किया आर्थिक सर्वेक्षण
सत्र के पहले दिन ही वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने सदन में राज्य का आर्थिक सर्वेक्षण प्रस्तुत किया। छत्तीसगढ़ विधानसभा के 25 वर्ष के इतिहास में यह पहली बार है जब बजट सत्र के पहले दिन आर्थिक सर्वेक्षण पेश किया गया।
सर्वेक्षण के अनुसार वर्ष 2025-26 के लिए राज्य का सकल घरेलू उत्पाद (जीएसडीपी) 6,31,291 करोड़ रुपये अनुमानित है। उद्योग क्षेत्र का आकार 2,70,449 करोड़ रुपये आंका गया है। वर्ष 2024-25 की तुलना में जीएसडीपी में 11.57 प्रतिशत की वृद्धि का अनुमान जताया गया है।
सत्र की कार्यवाही स्थगित
कार्य मंत्रणा समिति की बैठक में प्रस्तावित विषयों को अनुमोदन देने के बाद आर्थिक सर्वेक्षण सदन के पटल पर रखा गया। इसके पश्चात अध्यक्ष ने सदन की कार्यवाही मंगलवार सुबह 11 बजे तक के लिए स्थगित करने की घोषणा की।
