रायपुर, छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग (CGPSC) ने राज्य सेवा प्रारंभिक परीक्षा 2025 के लिए एडमिट कार्ड जारी कर दिए हैं। आयोग से मिली जानकारी के अनुसार प्रारंभिक परीक्षा 22 फरवरी 2026 को प्रदेश के सभी 33 जिलों के निर्धारित परीक्षा केंद्रों में आयोजित की जाएगी।
दो पालियों में होगी परीक्षा
परीक्षा दो सत्रों में संपन्न होगी।
- प्रथम पाली: सामान्य अध्ययन (General Studies) – सुबह 10:00 बजे से दोपहर 12:00 बजे तक
- द्वितीय पाली: एप्टीट्यूड टेस्ट – दोपहर 3:00 बजे से शाम 5:00 बजे तक
अभ्यर्थी आयोग की आधिकारिक वेबसाइट https://www.psc.cg.gov.in/ पर जाकर अपना प्रवेश पत्र डाउनलोड कर सकते हैं।

परीक्षा के लिए महत्वपूर्ण निर्देश
आयोग ने अभ्यर्थियों के लिए विस्तृत गाइडलाइन जारी की है:
- जिन अभ्यर्थियों के नाम, सरनेम या फोटो में पहचान पत्र से किसी प्रकार का अंतर है, उन्हें नाम परिवर्तन संबंधी दस्तावेज की मूल प्रति प्रस्तुत करनी होगी।
- परीक्षा केंद्र पर केवल निम्न सामग्री ले जाने की अनुमति होगी:
- लेबल रहित पारदर्शी पानी की बोतल
- CGPSC द्वारा जारी ऑनलाइन एडमिट कार्ड का प्रिंट आउट
- मूल फोटो पहचान पत्र (मतदाता पहचान पत्र/पासपोर्ट/ड्राइविंग लाइसेंस/पैन कार्ड/आधार कार्ड/ई-आधार)
- यदि प्रवेश पत्र पर फोटो अस्पष्ट हो तो दो रंगीन पासपोर्ट साइज फोटो
- काले या नीले बॉलपॉइंट पेन
- आवश्यकता होने पर HB पेंसिल (केवल चित्र आधारित प्रश्नों के लिए)
प्रतिबंधित सामग्री
अभ्यर्थी एवं सहलेखक परीक्षा में कैलकुलेटर, डिजिटल डायरी, मोबाइल फोन, पेजर, स्मार्ट वॉच सहित किसी भी प्रकार के इलेक्ट्रॉनिक उपकरण साथ नहीं ला सकेंगे। राज्य सेवा प्रारंभिक परीक्षा-2025 में कैलकुलेटर का उपयोग पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा।
आयोग ने अभ्यर्थियों से समय पर परीक्षा केंद्र पहुंचने और सभी निर्देशों का कड़ाई से पालन करने की अपील की है। परीक्षा को लेकर प्रशासन ने सभी जिलों में आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली हैं।
