रायपुर। Chhattisgarh Public Service Commission (CGPSC) ने विधि एवं विधायी कार्य विभाग के अंतर्गत आयोजित सिविल जज भर्ती परीक्षा की अंतिम चयन सूची जारी कर दी है। इस भर्ती प्रक्रिया के तहत कुल 57 पदों पर नियुक्ति की जानी है।
जारी मेरिट सूची में अंजुम आरा ने प्रथम स्थान प्राप्त कर टॉप किया है, जबकि शिवांगी तिवारी ने दूसरा स्थान हासिल किया है। चयन सूची के साथ ही आयोग ने 57 अभ्यर्थियों की वेटिंग लिस्ट भी जारी की है।
मुख्य परीक्षा और परिणाम का विवरण
सिविल जज पद के लिए मुख्य लिखित परीक्षा का आयोजन 21 दिसंबर 2025 को किया गया था। इसके परिणाम 22 जनवरी 2026 को घोषित किए गए थे। मुख्य परीक्षा में सफल अभ्यर्थियों को साक्षात्कार के लिए आमंत्रित किया गया।
183 अभ्यर्थियों का हुआ साक्षात्कार
नियमों के अनुसार स्वीकृत पदों की संख्या के तीन गुना अभ्यर्थियों को इंटरव्यू के लिए बुलाया जाता है। इसी प्रक्रिया के तहत कुल 183 अभ्यर्थियों को साक्षात्कार के लिए आमंत्रित किया गया था। आयोग के मुताबिक सभी 183 अभ्यर्थी साक्षात्कार में शामिल हुए और कोई भी अनुपस्थित नहीं रहा।
अंतिम चयन सूची लिखित परीक्षा और साक्षात्कार में प्राप्त अंकों के कुल योग के आधार पर तैयार की गई है। चयनित अभ्यर्थियों की सूची आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध है, जहां उम्मीदवार अपना रोल नंबर और नाम देख सकते हैं।
