रायपुर। छत्तीसगढ़ में मौसम एक बार फिर करवट लेने जा रहा है। आंधी-बारिश की गतिविधियों में कमी के साथ अब प्रदेश में तेज गर्मी का दौर शुरू होने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले दिनों में तापमान में 3 से 4 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी हो सकती है।
बीते 24 घंटे का हाल
पिछले 24 घंटों में उत्तर छत्तीसगढ़ में अधिकतम तापमान में 1 से 3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई, जबकि मध्य और दक्षिणी हिस्सों में तापमान लगभग स्थिर रहा। कुछ इलाकों में हल्की बारिश भी हुई, जिससे किसानों को कोई खास नुकसान नहीं हुआ। सबसे अधिक तापमान राजनांदगांव में दर्ज किया गया, जबकि अंबिकापुर में न्यूनतम तापमान रहा।
आज मौसम कैसा रहेगा
मौसम विभाग के मुताबिक शुक्रवार को राज्य के कुछ हिस्सों में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश हो सकती है। इस दौरान 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। इसके लिए एक दिन का अलर्ट जारी किया गया है।
शनिवार से बदलेगा मौसम
शनिवार से मौसम पूरी तरह शुष्क होने लगेगा, जिससे तापमान में तेजी से बढ़ोतरी होगी और गर्मी का असर बढ़ेगा।
राजधानी रायपुर का हाल
राजधानी रायपुर में तेज धूप का असर बना हुआ है। शुक्रवार को आसमान साफ रहने की संभावना है। यहां अधिकतम तापमान करीब 38 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है।
मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, आने वाले दिनों में लोगों को बढ़ती गर्मी के लिए तैयार रहना होगा और धूप से बचाव के उपाय अपनाने होंगे।
