CG : रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि देश की अर्थव्यवस्था की मजबूती में किसानों की अहम भूमिका है और अन्नदाताओं की समृद्धि से ही विकसित भारत का लक्ष्य हासिल किया जा सकता है। मुख्यमंत्री से उनके निवास कार्यालय में प्रदेश के किसानों ने सौजन्य भेंट की और कृषक उन्नति योजना के तहत धान के अंतर की 10 हजार करोड़ रुपये से अधिक की राशि होली से पहले किसानों के खातों में अंतरित करने की घोषणा पर आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर किसानों ने मुख्यमंत्री को धान से तौलकर उनका अभिनंदन किया और प्रदेश के अन्नदाताओं की ओर से धन्यवाद ज्ञापित किया।
होली से पहले खातों में पहुंचेगी अंतर की राशि
मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य सरकार किसानों से प्रति एकड़ 21 क्विंटल धान 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से खरीद रही है, जो देश में सर्वाधिक है। उन्होंने कहा कि धान के अंतर की लगभग 10 हजार करोड़ रुपये से अधिक की राशि होली से पहले किसानों के खातों में जमा की जाएगी। 28 फरवरी को बिलासपुर जिले में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में राशि अंतरण की शुरुआत की जाएगी और इसे पूरे प्रदेश में उत्सव की तरह मनाया जाएगा।
उन्होंने जानकारी दी कि इस वर्ष 25 लाख 24 हजार किसानों से 141 लाख मीट्रिक टन धान की खरीदी की गई है।
किसानों की आय बढ़ाने पर सरकार का फोकस
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी किसानों की आय बढ़ाने और उन्हें सशक्त बनाने के लिए निरंतर प्रयासरत हैं। उन्होंने कहा कि भारत कृषि प्रधान देश है और किसानों की उन्नति ही राष्ट्र की प्रगति का आधार है।
उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के समय शुरू की गई किसान क्रेडिट कार्ड योजना का उल्लेख करते हुए कहा कि इससे किसानों को कम ब्याज दर पर ऋण उपलब्ध हुआ और उन्हें महाजनों के शोषण से राहत मिली। अब किसानों को ब्याज मुक्त पूंजी की सुविधा भी मिल रही है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रधानमंत्री सिंचाई योजना के माध्यम से खेतों तक पानी पहुंचाने का काम तेजी से हो रहा है और प्रदेश में सिंचाई क्षेत्र लगातार बढ़ रहा है।
उन्होंने भरोसा दिलाया कि राज्य सरकार आगे भी किसानों के हित में प्रतिबद्धता के साथ कार्य करती रहेगी। कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ राज्य बीज विकास निगम के अध्यक्ष चंद्रहास चंद्राकर सहित प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए किसान उपस्थित रहे।
