कांकेर। छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले में नेशनल हाईवे-30 पर बीती रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। कोतवाली थाना क्षेत्र के नाथिया नवागांव के पास दो कारों की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत में 6 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 3 अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
बताया जा रहा है कि टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम तुरंत घटनास्थल पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू किया।
घायलों को एम्बुलेंस की मदद से मेडिकल कॉलेज कांकेर में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है। मौके पर पहुंचे पुलिस अधीक्षक निखिल राखेचा ने हालात का जायजा लिया।
एसपी के अनुसार, हादसे के कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और घायलों के बयान के बाद ही दुर्घटना की असली वजह सामने आ सकेगी।
इस दर्दनाक हादसे ने इलाके में शोक की लहर दौड़ा दी है।
