CG : रायपुर। रायपुर में माओवाद की विचारधारा छोड़कर संविधान की राह अपनाने वाले पुनर्वासित युवाओं ने विधानसभा पहुंचकर लोकतांत्रिक प्रक्रिया का प्रत्यक्ष अनुभव प्राप्त किया। इस शैक्षणिक भ्रमण के दौरान 120 युवाओं के दल ने विधानसभा की कार्यवाही को करीब से देखा और लोकतांत्रिक व्यवस्था की कार्यप्रणाली को समझा। यह अनुभव उनके लिए प्रेरणादायी और मार्गदर्शक साबित हुआ।
मुख्यमंत्री ने किया युवाओं का आत्मीय स्वागत
विधानसभा परिसर में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने पुनर्वासित युवाओं से मुलाकात कर उनका आत्मीय स्वागत किया। उन्होंने सभी युवाओं को जय जोहार कहकर अभिवादन किया और कहा कि हिंसा का मार्ग छोड़कर मुख्यधारा में लौटने का उनका निर्णय सराहनीय है। राज्य सरकार उनकी सुरक्षा और सम्मान का विशेष ध्यान रखेगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार की प्राथमिकता है कि पुनर्वासित युवा सम्मानपूर्वक जीवन जी सकें और आत्मनिर्भर बनें। इसी उद्देश्य से पुनर्वास नीति को प्रभावी तरीके से लागू किया जा रहा है। उन्होंने युवाओं को शिक्षा, स्वरोजगार और सरकारी योजनाओं का लाभ लेने के लिए प्रेरित किया।
लोकतंत्र का अनुभव युवाओं के लिए प्रेरणादायक
युवाओं ने विधानसभा की कार्यवाही को देखकर लोकतांत्रिक व्यवस्था की कार्यप्रणाली को समझा। उन्होंने कहा कि यह अनुभव उनके जीवन के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण और प्रेरणादायक रहा। युवाओं ने संकल्प लिया कि वे अब संविधान और कानून के दायरे में रहकर समाज और राष्ट्र के विकास में अपनी सक्रिय भूमिका निभाएंगे।
उपमुख्यमंत्री ने किया गणतंत्र का स्वागत
उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि जो युवा हिंसा का मार्ग छोड़कर लोकतंत्र की मुख्यधारा में लौटे हैं, उनका राज्य सरकार स्वागत करती है। उन्होंने कहा कि संविधान का मार्ग ही शांति, विकास और समृद्धि का रास्ता है। सरकार पुनर्वासित युवाओं के रोजगार, कौशल विकास और सम्मानजनक जीवन के लिए निरंतर कार्य कर रही है।
मंत्रियों और विधायकों ने भी की मुलाकात
इस अवसर पर वित्त मंत्री ओपी चौधरी, वन मंत्री केदार कश्यप, स्कूल शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव, संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल, कौशल विकास मंत्री गुरु खुशवंत साहेब, कृषि मंत्री रामविचार नेताम, राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा, स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल, विधायक किरण देव और सुशांत शुक्ला ने भी पुनर्वासित युवाओं से मुलाकात कर उन्हें राज्य सरकार के समर्थन का भरोसा दिलाया।
तीन दिवसीय शैक्षणिक भ्रमण
इस 120 सदस्यीय दल में 66 पुरुष और 54 महिला प्रतिभागी शामिल हैं। यह समूह तीन दिवसीय शैक्षणिक भ्रमण के तहत रायपुर पहुंचा है, जहां वे शासन-प्रशासन की कार्यप्रणाली और विकास योजनाओं का अध्ययन कर रहे हैं।
