रायपुर : छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय आज बलौदा बाजार जिले के ग्राम चांपा में आयोजित छत्तीसगढ़ मनवा कुर्मी क्षत्रिय समाज के दो दिवसीय 80वें महाअधिवेशन में शामिल हुए। कार्यक्रम की शुरुआत स्वतंत्रता सेनानी और समाज सुधारक डॉ. खूबचंद बघेल की पुण्यतिथि पर दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि अर्पित करने से हुई। मुख्यमंत्री ने समाज की विभूतियों को पुष्पांजलि अर्पित कर नमन किया। इस अवसर पर उनका गजमाला पहनाकर भव्य स्वागत किया गया।
समाज की प्रगति में अहम भूमिका
मुख्यमंत्री ने मनवा कुर्मी समाज को परिश्रमी, संगठित और उन्नत कृषक परंपरा वाला समाज बताया। उन्होंने कहा कि इस समाज का राज्य की उन्नति में महत्वपूर्ण योगदान रहा है। 80वें महाअधिवेशन की बधाई देते हुए उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन सामाजिक समरसता, मेल-मिलाप और सकारात्मक निर्णयों को बढ़ावा देते हैं, जिसका लाभ पूरे प्रदेश को मिलता है।
उन्होंने कहा कि राजस्व एवं उच्च शिक्षा मंत्री टंकराम वर्मा के गृह ग्राम चांपा में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होना उनके लिए गर्व का विषय है।
शिक्षा और सामाजिक जागरूकता पर जोर
मुख्यमंत्री ने कहा कि शिक्षा सशक्त समाज निर्माण की सबसे मजबूत नींव है। उन्होंने समाज द्वारा बेटा-बेटी दोनों को समान रूप से शिक्षा से जोड़ने के प्रयासों की सराहना की। साथ ही महिला स्वरोजगार, युवाओं में नशामुक्ति जागरूकता और सामाजिक सुधार के प्रयासों को भी सराहनीय बताया।
सरकार की योजनाओं का उल्लेख
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने प्रधानमंत्री की गारंटी को पूरा करने के लिए प्रतिबद्धता से कार्य किया है।
उन्होंने बताया कि प्रदेश में 18 लाख प्रधानमंत्री आवास पूरे किए जा चुके हैं। इस वर्ष 25 लाख 24 हजार किसानों से 141 लाख मीट्रिक टन से अधिक धान की खरीद की गई है। होली से पहले किसानों को लगभग 10 हजार करोड़ रुपये की अंतर राशि प्रदान की जाएगी।
महतारी वंदन योजना के अंतर्गत 70 लाख महिलाओं को अब तक 15 हजार करोड़ रुपये से अधिक की सहायता राशि दी जा चुकी है।
नक्सलवाद उन्मूलन और विकास कार्य
मुख्यमंत्री ने कहा कि बस्तर क्षेत्र में अब विकास की नई तस्वीर दिखाई दे रही है। उन्होंने बताया कि मार्च 2026 तक नक्सलवाद समाप्त करने के लक्ष्य की दिशा में सरकार दृढ़ता से कार्य कर रही है। नियद नेल्लार योजना के माध्यम से लगभग 400 गांवों में विकास कार्यों को गति दी गई है।
सामुदायिक भवनों के लिए राशि की घोषणा
मुख्यमंत्री ने ग्राम नरदहा में सामुदायिक भवन निर्माण के लिए 50 लाख रुपये तथा बलौदा बाजार में सामुदायिक भवन हेतु 25 लाख रुपये देने की घोषणा की।
कार्यक्रम में राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा ने मुख्यमंत्री के नेतृत्व में राज्य में हुए विकास कार्यों की सराहना की। अधिवेशन में समाज के केंद्रीय अध्यक्ष खोड़स राम वर्मा ने सामाजिक सुधार संबंधी निर्णयों की जानकारी दी।
इस अवसर पर राजिम विधायक रोहित साहू सहित बड़ी संख्या में समाज के पदाधिकारी, महिलाएं, युवा और समाज के सदस्य उपस्थित रहे।
