जशपुर। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री Vishnu Deo Sai ने अपना 62वां जन्मदिवस अपने गृह क्षेत्र बगिया स्थित बालक आश्रम के बच्चों के साथ मनाकर इस दिन को खास बना दिया। मुख्यमंत्री ने बगिया हेलीपैड के समीप स्थित बालक आश्रम पहुंचकर बच्चों के साथ केक काटा और उनके साथ आत्मीय समय बिताया।
मुख्यमंत्री को अपने बीच पाकर आश्रम के बच्चे अत्यंत उत्साहित और प्रसन्न नजर आए। वे उत्साह के साथ उनके आसपास एकत्र हो गए और उनसे बातचीत करने लगे। मुख्यमंत्री ने भी बच्चों से स्नेहपूर्वक संवाद करते हुए उनका हालचाल जाना। उनके सरल और संवेदनशील व्यवहार से बच्चे भावुक हो उठे और पूरे परिसर में उल्लास का वातावरण देखने को मिला।
बच्चों को बांटी केक और चॉकलेट
जन्मदिन के अवसर पर मुख्यमंत्री ने बच्चों को अपने हाथों से केक और चॉकलेट वितरित किए। इस दौरान बच्चों के चेहरों पर खुशी साफ झलक रही थी। बालक आश्रम बगिया में कक्षा पहली से पांचवीं तक के छात्र अध्ययनरत हैं, जिनमें अधिकांश बच्चे आदिवासी समुदाय से आते हैं।
मुख्यमंत्री ने बच्चों को संबोधित करते हुए कहा कि वे मन लगाकर पढ़ाई करें और अपने जीवन में आगे बढ़ें। उन्होंने बच्चों को प्रेरित करते हुए कहा कि शिक्षा के माध्यम से वे अपने परिवार, समाज और प्रदेश का नाम रोशन कर सकते हैं। साथ ही उन्होंने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
जनप्रतिनिधि और अधिकारी रहे मौजूद
इस अवसर पर विधायक Gomati Sai, कमिश्नर Narendra Dugga, आईजी Deepak Kumar Jha, कलेक्टर Rohit Vyas, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक Dr. Lal Umed Singh, जिला पंचायत सीईओ Abhishek Kumar, प्रशिक्षु आईएफएस Yashasvi Maurya, भरत सिंह सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि, अधिकारी, शिक्षक और आश्रम स्टाफ उपस्थित रहे।
मुख्यमंत्री के इस सादगीपूर्ण और भावनात्मक आयोजन ने न केवल बच्चों के चेहरों पर मुस्कान बिखेरी, बल्कि उनके जन्मदिन को समाज के नन्हे भविष्य के साथ साझा कर एक प्रेरणादायक संदेश भी दिया।
