CG News: रायपुर/जांजगीर-चांपा: छत्तीसगढ़ की बेटियों ने उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर में आयोजित 38वीं जूनियर नेशनल नेटबॉल प्रतियोगिता में छत्तीसगढ़ की बालिका टीम ने अपने शानदार और जुझारू प्रदर्शन की बदौलत कांस्य पदक (Bronze Medal) पर कब्जा जमाया है।

हार के बाद नहीं मानी हार, तीसरे स्थान के लिए बहाया पसीना
प्रतियोगिता के सेमीफाइनल मुकाबले में पंजाब के हाथों 24-17 से मैच गंवाने के बावजूद छत्तीसगढ़ की टीम ने हौसला नहीं खोया। तीसरे स्थान के लिए हुए बेहद कड़े मुकाबले में टीम ने पांडीचेरी को धूल चटाते हुए कांस्य पदक अपने नाम किया। इससे पूर्व, क्वार्टर फाइनल के रोमांचक मैच में बिहार को 21-18 के अंतर से शिकस्त देकर छत्तीसगढ़ ने अंतिम चार में अपनी जगह पक्की की थी।
लीग राउंड से ही रहा दबदबा
प्रतियोगिता की शुरुआत से ही छत्तीसगढ़ की टीम विपक्षी टीमों पर पूरी तरह हावी नजर आई टीम ने तेलंगाना को पहले लीग मैच में 31-1 के भारी अंतर से हराया। गुजरात को दूसरे मैच में 18-14 से मात देकर अपने पूल में शीर्ष स्थान हासिल किया।मध्य प्रदेश को प्री-क्वार्टर फाइनल में 27-6 के विशाल अंतर से शिकस्त दी।

कप्तान टी. साईका फ्रैक्चर के बावजूद मैदान पर डटी रहीं
इस जीत की नायिका टीम की कप्तान टी. साईका (दुर्ग) रहीं। क्वार्टर फाइनल मैच के दौरान पैर में फ्रैक्चर होने जैसी गंभीर इंजरी के बावजूद उन्होंने मैदान नहीं छोड़ा। अपनी चोट की परवाह किए बिना वह टीम को सेमीफाइनल तक ले गईं, जो उनके अदम्य साहस और टीम भावना को दर्शाता है।विजेता टीम के खिलाड़ी सोनाक्षी मांडवी (दुर्ग), मेघा कुमारी डहरिया (जांजगीर-चांपा) , निशा वर्मा व सुषमा नायक (रायपुर), झिलमिल सोनकर (राजनांदगांव), सिमरन भगत व रुद्राक्षी (सरगुजा) और प्रियंका व पूजा (धमतरी) ने बेहतरीन तालमेल दिखाया।
राजेश राठौर जनरल सेक्रेटरी ने बताया कि “जांजगीर के खोखरा में लगा 10 दिवसीय विशेष प्रशिक्षण कैंप इस सफलता की बुनियाद बना। पूर्व नेशनल प्लेयर और कोच पूनम निषाद के अनुभव ने खिलाड़ियों को हर पोजीशन पर संतुलित खेल दिखाने में मदद की। टीम मैनेजर नितेश ने भी खिलाड़ियों का शानदार मार्गदर्शन किया।”
मीना केरकेट्टा अध्यक्ष नेटबॉल स्पोर्ट्स एसोसिएशन छत्तीसगढ़ ने कहा – “टीम की यह शानदार उपलब्धि है । हमारी लड़कियों ने काफ़ी बेहतर प्रदर्शन किया है। अपनी तकनीक कौशल और रणनीति में सुधार कर अगली बार टीम और भी अधिक मजबूती के साथ ‘गोल्ड’ के लिए मैदान में उतरेगी।” यह जानकारी नेटबॉल स्पोर्ट्स एसोसिएशन छत्तीसगढ़ के एक्जीक्यूटिव मेंबर व दुर्ग जिला सचिव मोहन राव जी ने दिया है ।
