CBSE : नई दिल्ली। केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड ने ऑनलाइन स्कैन मार्किंग (OSM) प्रणाली के तहत उत्तरपुस्तिकाओं के मूल्यांकन को लेकर तैयारियां तेज कर दी हैं। बोर्ड ने स्पष्ट निर्देश जारी करते हुए कहा है कि सभी शिक्षक OSM पोर्टल पर लॉग-इन कर मॉक इवैल्यूएशन (प्रैक्टिस सेशन) अनिवार्य रूप से पूरा करें। इसका उद्देश्य मुख्य मूल्यांकन प्रक्रिया को सुचारु, पारदर्शी और त्रुटिरहित बनाना है।
लॉग-इन प्रक्रिया में आ रही दिक्कतें
बोर्ड की ओर से शिक्षकों के पंजीकृत ई-मेल आईडी पर लॉग-इन संबंधी जानकारी भेजी जा रही है, जबकि ओटीपी OASIS में दर्ज मोबाइल नंबर पर प्राप्त हो रहा है। जिन शिक्षकों की OASIS प्रोफाइल में ई-मेल या मोबाइल नंबर गलत दर्ज हैं, उन्हें पोर्टल पर प्रवेश करने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ऐसे मामलों में स्कूल प्रशासन को तुरंत विवरण अपडेट करने के निर्देश दिए गए हैं।
प्रिंसिपल और HoS के लिए विशेष मॉनिटरिंग डैशबोर्ड
शिक्षकों की प्रगति पर नजर रखने के लिए बोर्ड ने प्रिंसिपल और हेड ऑफ स्कूल (HoS) के लिए विशेष OSM डैशबोर्ड उपलब्ध कराया है। इस डैशबोर्ड के माध्यम से स्कूल प्रमुख यह देख सकते हैं:
- कुल कितने शिक्षक इवैल्यूएटर के रूप में सूचीबद्ध हैं
- कितनों ने मॉक इवैल्यूएशन पूरा किया है
- कितनों ने लॉग-इन तो किया, लेकिन सेशन अधूरा छोड़ा
- कितनी कॉपियों का मूल्यांकन किया गया
- कितने शिक्षक अब तक पोर्टल पर सक्रिय नहीं हुए
इससे समय रहते कमियां दूर करने और शिक्षकों को आवश्यक मार्गदर्शन देने में सहायता मिलेगी।
OASIS डिटेल अपडेट की सुविधा
डैशबोर्ड में OASIS लिंक भी जोड़ा गया है, जिससे प्रिंसिपल शिक्षकों की ई-मेल आईडी और मोबाइल नंबर अपडेट कर सकते हैं। जानकारी संशोधित होने के लगभग छह घंटे बाद नई लॉग-इन डिटेल ई-मेल और ओटीपी मोबाइल पर भेज दिया जाएगा। बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि सही संपर्क विवरण OSM प्लेटफॉर्म तक निर्बाध पहुंच के लिए अनिवार्य हैं।
डिजिटल मूल्यांकन प्रणाली OSM की विशेषताएं
OSM एक आधुनिक डिजिटल मूल्यांकन प्रणाली है, जिसमें विद्यार्थियों की उत्तरपुस्तिकाएं स्कैन कर ऑनलाइन उपलब्ध कराई जाती हैं। शिक्षक स्क्रीन पर ही कॉपियों की जांच करते हैं। इससे मूल्यांकन प्रक्रिया तेज, सटीक और पारदर्शी बनती है। साथ ही मैन्युअल हैंडलिंग कम होने से त्रुटियों की संभावना भी घटती है और परिणाम तैयार करने की प्रक्रिया अधिक सुरक्षित हो जाती है।
बोर्ड का सख्त निर्देश
बोर्ड ने सभी स्कूलों को निर्देश दिया है कि वे OSM डैशबोर्ड की नियमित निगरानी करें और सुनिश्चित करें कि कक्षा 11 और 12 पढ़ाने वाले सभी शिक्षक जल्द से जल्द मॉक इवैल्यूएशन पूरा करें। ताकि मुख्य मूल्यांकन के दौरान किसी भी प्रकार की बाधा उत्पन्न न हो।
