भुवनेश्वर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज, 27 सितंबर 2025 को ओडिशा में कई परियोजनाओं के शुभारंभ के साथ BSNL का स्वदेशी 4G नेटवर्क लॉन्च कर दिया। इस लॉन्च से अब देश के दूर-दराज़ इलाकों में भी लोगों को तेज और विश्वसनीय इंटरनेट सुविधा उपलब्ध होगी।
4G नेटवर्क की खासियत
बीएसएनएल का यह नया 4G नेटवर्क स्वदेशी टेक्नोलॉजी से विकसित किया गया है और इसे इस तरह डिज़ाइन किया गया है कि भविष्य में इसे आसानी से 5G नेटवर्क में अपग्रेड किया जा सके। वर्तमान में 4G नेटवर्क 98,000 साइट्स पर रोलआउट किया जा चुका है।
BSNL ने माइक्रोब्लॉगिंग प्लेटफॉर्म X पर साझा किया कि यह सिर्फ तेज इंटरनेट नहीं है, बल्कि यह नई आशा, नए अवसर और नया भारत लेकर आया है।

आत्मनिर्भर भारत की दिशा में एक बड़ी उपलब्धि
स्वदेशी 4G नेटवर्क लॉन्च होना आत्मनिर्भर भारत की दिशा में एक मील का पत्थर है। इससे भारत की वैश्विक तकनीकी प्रतिस्पर्धा बढ़ेगी और देश की दूरसंचार क्षमता मजबूत होगी। BSNL के इस कदम से भारत उन शीर्ष 5 देशों में शामिल होगा जो अपने टेलीकॉम उपकरण खुद तैयार करते हैं।
भविष्य की योजनाएं
4G के बाद BSNL जल्द ही 5G सर्विस भी लॉन्च कर सकती है। यह कदम भारत की उन्नत तकनीकी क्षमता और डिजिटल इंडिया की दिशा में एक मजबूत नींव साबित होगा।

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि स्वदेशी नेटवर्क से भारत के हर कोने में विश्वस्तरीय इंटरनेट सेवाएं पहुँचेंगी और यह देश की तकनीकी स्वतंत्रता और आत्मनिर्भरता की दिशा में एक बड़ी उपलब्धि है।
