Bihar Accident : कटिहार। बिहार के कटिहार जिले में NH-31 पर एक भीषण सड़क हादसा हो गया। बसगड़ा चौक के पास दातपुर मुसहरी के नजदीक हरदा से पूर्णिया जा रही बस और पिकअप वैन के बीच जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में दो मोटरसाइकिलें भी चपेट में आ गईं, जिससे कुल 10 लोगों की मौत हो गई और 25 से अधिक घायल हुए हैं।
नशे में था बस चालक
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बस का चालक नशे में था और पहले भी रास्ते में एक वाहन से टकरा चुका था। दातपुर मुसहरी चौक के पास पहुंचते ही बस की सीधी भिड़ंत पिकअप वैन से हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि मौके पर ही अफरा-तफरी मच गई।
घायलों को अस्पताल में भर्ती
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय ग्रामीणों और पुलिस ने तुरंत राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। सभी घायलों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जहां कई की हालत गंभीर बताई जा रही है। कोढ़ा थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आगे की कार्रवाई जारी है।
