मुंबई। अजय देवगन की सुपरहिट फ्रेंचाइज़ी ‘दृश्यम’ के तीसरे भाग को लेकर फैंस में जबरदस्त उत्साह है। इसी बीच फिल्म से जुड़ी एक बड़ी खबर सामने आई है। ‘दृश्यम 3’ में अब अक्षय खन्ना नजर नहीं आएंगे, उनकी जगह दमदार अभिनेता जयदीप अहलावत को कास्ट किया गया है। जयदीप जनवरी के पहले हफ्ते से फिल्म की शूटिंग शुरू करेंगे।
जानकारी के मुताबिक, फिल्म का मुंबई शेड्यूल पूरा हो चुका है और अब 8 जनवरी से गोवा में शूटिंग शुरू होगी, जो फरवरी तक चलेगी। इस दौरान फिल्म की पूरी स्टारकास्ट गोवा में ही मौजूद रहेगी। फिल्म को स्टार स्टूडियो18 प्रस्तुत कर रहा है और इसे पैनोरमा स्टूडियोज के बैनर तले बनाया जा रहा है। निर्देशन अभिषेक पाठक कर रहे हैं, जबकि निर्माता आलोक जैन, अजीत अंधारे, कुमार मंगत पाठक और अभिषेक पाठक हैं। ‘दृश्यम 3’ को 2 अक्टूबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज करने की योजना है।
हाल ही में यह खबर सामने आई थी कि अक्षय खन्ना ने फिल्म छोड़ दी है, जिसके बाद मेकर्स ने उन्हें लीगल नोटिस भी भेजा है। बताया जा रहा है कि विवाद फीस को लेकर नहीं, बल्कि अक्षय खन्ना के लुक को लेकर हुआ। इस बारे में फिल्म के प्रोड्यूसर कुमार मंगत ने मीडिया से बातचीत में स्पष्ट किया।
कुमार मंगत के अनुसार, ‘दृश्यम 3’ की कहानी पिछली फिल्म के खत्म होने के कुछ ही घंटों बाद से शुरू होती है। ऐसे में अक्षय खन्ना द्वारा बाल उगाने या विग पहनने की मांग कहानी की टाइमलाइन से मेल नहीं खा रही थी। शुरुआत में वे इस शर्त पर राजी हो गए थे, लेकिन बाद में दोबारा बाल रखने की जिद पर अड़ गए, जिससे कन्फ्यूजन की स्थिति बनी और अंततः वे फिल्म से बाहर हो गए।
प्रोड्यूसर ने यह भी कहा कि अक्षय खन्ना के अचानक फैसले से प्रोडक्शन को भारी आर्थिक नुकसान हुआ है, क्योंकि सेट तैयार थे और शूटिंग भी शुरू हो चुकी थी। इसी नुकसान की भरपाई के लिए मेकर्स कोर्ट में मुआवजे की मांग कर सकते हैं। फिलहाल इस पूरे विवाद पर अक्षय खन्ना की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।
वहीं, जयदीप अहलावत के फिल्म में शामिल होने से दर्शकों की उत्सुकता और बढ़ गई है। उनके दमदार अभिनय को देखते हुए माना जा रहा है कि ‘दृश्यम 3’ में यह बदलाव कहानी को और भी मजबूत बना सकता है।
