रायपुर। छत्तीसगढ़ सरकार ने प्रदेश की तकनीकी शिक्षा और डिजिटल कौशल को मजबूत करने के लिए एक अहम निर्णय लिया है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की अध्यक्षता में आज मंत्रिपरिषद की बैठक में, नवा रायपुर अटल नगर में नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ इलेक्ट्रॉनिक्स एंड इंफॉर्मेशन टेक्नोलॉजी (NIELIT) के अत्याधुनिक केंद्र की स्थापना को मंजूरी दी गई है। इस संस्थान की स्थापना के लिए 10.023 एकड़ भूमि को निःशुल्क आबंटित करने का प्रस्ताव भी मंत्रिपरिषद ने स्वीकार किया।
NIELIT, जो कि भारत सरकार के सूचना एवं प्रौद्योगिकी मंत्रालय के अधीन एक स्वायत्त संस्था है, ने छत्तीसगढ़ में स्थायी केंद्र स्थापित करने के लिए भूमि की मांग की थी। इस संस्थान का मुख्य उद्देश्य प्रदेश में इलेक्ट्रॉनिक्स, सूचना प्रौद्योगिकी, और डिजिटल कौशल के क्षेत्र में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और प्रशिक्षण प्रदान करना है। हाल ही में NIELIT को डीम्ड यूनिवर्सिटी का दर्जा भी मिला है, जिससे इसकी शैक्षिक और अनुसंधान गतिविधियों को और अधिक गति मिलेगी।

नवा रायपुर अटल नगर विकास प्राधिकरण ने ग्राम तेंदुआ के लेयर-2 क्षेत्र में 10.023 एकड़ भूमि चिन्हांकित की है, जिसे लीज़ पर NIELIT को आवंटित किया जाएगा। इस आवंटन की प्रतिपूर्ति राज्य सरकार द्वारा प्राधिकरण को की जाएगी।
इस नए केंद्र की स्थापना से छत्तीसगढ़ में तकनीकी शिक्षा, डिजिटल कौशल विकास और रोजगार के अवसरों को एक नया आयाम मिलेगा। यह केंद्र प्रदेश के युवाओं को न केवल आधुनिक तकनीकी शिक्षा प्रदान करेगा, बल्कि उन्हें रोजगार योग्य भी बनाएगा, जिससे राज्य का डिजिटल इकोसिस्टम और मजबूत होगा। इसके साथ ही, यह संस्थान छत्तीसगढ़ को राष्ट्रीय तकनीकी शिक्षा मानचित्र पर एक महत्वपूर्ण केंद्र के रूप में स्थापित करेगा।

यह ध्यान देने योग्य है कि नवा रायपुर में पहले से ही कई राष्ट्रीय महत्व के संस्थान स्थापित हैं, जैसे आईआईएम, आईआईटी, और नेशनल लॉ यूनिवर्सिटी। इसके अलावा, हाल ही में मंत्रिपरिषद ने नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ फैशन डिजाइन की स्थापना को भी मंजूरी दी है, जो प्रदेश में शिक्षा के क्षेत्र में नए आयाम जोड़ने का काम करेगा।
