Advocate General Prafulla N Bharat : बिलासपुर। छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट के महाधिवक्ता प्रफुल्ल एन भारत ने महाधिवक्ता पद से इस्तीफा दे दिया है और अपना इस्तीफा पत्र राज्यपाल को सौंपा है। उच्चस्तरीय मीटिंग और कानूनी सलाह-मशविरे के बीच इस मुद्दे पर जल्द ही स्पष्ट बयान आने की संभावना है।
जानकारी के अनुसार, प्रफुल्ल एन भारत को जनवरी 2024 में राज्य सरकार द्वारा महाधिवक्ता नियुक्त किया गया था। उनके नाम पर मंत्रिपरिषद की बैठक में अंतिम मुहर लगने के बाद विधि-विद्यायी विभाग ने पदस्थापना आदेश जारी किया था।
इस्तीफा पत्र में प्रफुल्ल एन भारत ने लिखा कि उन्होंने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और उनके मंत्रिमंडल के सहयोगियों से प्राप्त सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने उच्च न्यायालय और सर्वोच्च न्यायालय में कल्याणकारी राज्य के हितों की रक्षा के कठिन कार्य में सहयोग देने वाले नौकरशाहों की टीम के प्रति भी धन्यवाद जताया। इसके साथ ही महाधिवक्ता कार्यालय के सहयोगियों और बार एसोसिएशन के सदस्यों से मिले सहयोग का भी उन्होंने उल्लेख किया। प्रफुल्ल एन भारत ने राज्यपाल का भी धन्यवाद किया और कहा कि उन्हें राज्य के प्रथम विधि अधिकारी के रूप में सेवा करने का अवसर प्राप्त होना उनके लिए गर्व की बात रही।

प्रफुल्ल एन भारत का जन्म 22 जून 1966 को हुआ था और वे मूलत: जगदलपुर के रहने वाले हैं। बस्तर के जगदलपुर में उन्होंने अपनी स्कूली शिक्षा पूरी की और उच्च शिक्षा में एमए तथा एलएलबी की डिग्री हासिल की। वर्ष 1992 में उन्होंने मध्यप्रदेश बार काउंसिल, जबलपुर में अधिवक्ता के रूप में पंजीकरण कराया और वहीं से अपने विधिक करियर की शुरुआत की।
1992 से 1995 तक उन्होंने जिला न्यायालय, जगदलपुर में कानूनी सेवाएं दीं। इसके बाद 1995 से अक्टूबर 2000 तक उन्होंने मध्यप्रदेश उच्च न्यायालय, जबलपुर में प्रैक्टिस की। छत्तीसगढ़ राज्य गठन के बाद नवंबर 2000 से वे छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय, बिलासपुर में प्रैक्टिस करते रहे और राज्य के प्रमुख अधिवक्ताओं में अपनी पहचान बनाई। 12 जनवरी 2024 को उन्हें महाधिवक्ता पद पर नियुक्त किया गया।

