Heart Health Tips : नई दिल्ली। आज की तेज़ और अनहेल्दी लाइफस्टाइल और गलत खानपान के कारण लोगों में नसों में कोलेस्ट्रॉल जमने की समस्या तेजी से बढ़ रही है, जो दिल की बीमारियों और हार्ट अटैक का जोखिम बढ़ाती है। ऐसे में अखरोट एक बेहतरीन उपाय साबित हो सकता है। विशेषज्ञों का कहना है कि अखरोट न केवल दिमाग को तेज करता है, बल्कि यह दिल की नसों को भी साफ रखने में मदद करता है।
अखरोट में ओमेगा-3 फैटी एसिड और एंटीऑक्सीडेंट्स प्रचुर मात्रा में पाए जाते हैं, जो रक्त वाहिकाओं में जमा एलडीएल यानी बुरा कोलेस्ट्रॉल कम करने और रक्त संचार को बेहतर बनाने में सहायक हैं। इससे हार्ट अटैक और स्ट्रोक का खतरा काफी हद तक घट जाता है।
अखरोट का सही सेवन तरीका
अधिकांश लोग सूखे अखरोट खाते हैं, लेकिन विशेषज्ञों का कहना है कि रात भर पानी में भिगोए हुए अखरोट का सेवन करने से इसका लाभ दोगुना हो जाता है। भिगोने से फाइटिक एसिड कम होता है, जिससे शरीर इसके पोषक तत्वों को बेहतर तरीके से अवशोषित कर पाता है और इसकी तासीर भी संतुलित रहती है।

खाली पेट सेवन
सुबह खाली पेट भिगोए हुए अखरोट खाने से मेटाबॉलिज्म तेज होता है और कोलेस्ट्रॉल कम करने की प्रक्रिया में मदद मिलती है।
सही मात्रा
एक स्वस्थ व्यक्ति को दिन में 2-3 अखरोट का सेवन करना चाहिए। इसमें मौजूद फाइबर पेट को लंबे समय तक भरा रखता है और वजन घटाने में भी मदद करता है।
दिल की सेहत पर असर
नियमित अखरोट सेवन नसों की लचीलापन बनाए रखता है, सूजन कम करता है और गुड कोलेस्ट्रॉल (HDL) बढ़ाता है, जबकि बैड कोलेस्ट्रॉल घटता है। नसों में रक्त का प्रवाह सही रहने से हृदय पर अतिरिक्त दबाव नहीं पड़ता, जिससे हार्ट अटैक का खतरा कम होता है।
कोलेस्ट्रॉल नियंत्रित करना केवल दवाइयों के भरोसे नहीं है, बल्कि आपकी छोटी-छोटी आदतें भी बड़ा फर्क डाल सकती हैं। इसलिए आज ही अपनी डाइट में अखरोट शामिल करें और दिल की सुरक्षा सुनिश्चित करें।
