रायपुर/नई दिल्ली। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले की छात्रा लखनी साहू को राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) में उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने MY Bharat NSS राष्ट्रीय पुरस्कार 2022-23 से सम्मानित किया। लखनी साहू, जो शासकीय पीजी कॉलेज, कोरबा की NSS स्वयंसेविका हैं, ने निस्वार्थ सेवा और समर्पण के साथ सामाजिक और सामुदायिक विकास कार्यों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
लखनी की मेहनत और कर्मनिष्ठा ने न केवल कोरबा बल्कि पूरे छत्तीसगढ़ का नाम रोशन किया है। उनकी यह उपलब्धि न केवल उनके परिवार और राज्य के लिए गर्व का विषय है, बल्कि युवाओं के लिए प्रेरणा का एक आदर्श भी बन चुकी है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने X पर बधाई देते हुए लिखा, “छत्तीसगढ़ की बेटी ने देश का गौरव बढ़ाया! लखनी साहू के समर्पण और सेवा भाव से प्रदेश का मान बढ़ा। यह सम्मान NSS कार्यकर्ताओं के जज्बे को दर्शाता है।”

यह पुरस्कार लखनी के सामाजिक कार्यों में सक्रियता और समुदाय के प्रति उनके योगदान का सम्मान है। उनके इस सम्मान से न केवल छत्तीसगढ़ के अन्य युवा NSS गतिविधियों में भाग लेने के लिए प्रेरित होंगे, बल्कि यह छत्तीसगढ़ की प्रतिभा और युवा शक्ति को राष्ट्रीय मंच पर उजागर करने का अवसर भी है।
