हैदराबाद। दुनिया की सबसे प्रतिष्ठित सौंदर्य प्रतियोगिताओं में से एक मिस वर्ल्ड 2025 का आयोजन इस बार भारत में किया जा रहा है। यह आयोजन 31 मई को हैदराबाद के अंतर्राष्ट्रीय कन्वेंशन सेंटर में होगा, जिसमें 110 देशों की प्रतिभागी सुंदरियां हिस्सा लेंगी। भारत, नेपाल, श्रीलंका और बांग्लादेश जैसे दक्षिण एशियाई देशों की भागीदारी इसमें खास रहेगी, लेकिन पाकिस्तान इस बार भी प्रतियोगिता से दूरी बनाए हुए है।
पाकिस्तान की गैरमौजूदगी के पीछे धार्मिक और सामाजिक कारण बताए जा रहे हैं। दरअसल, साल 2023 में जब एरिका रॉबिन ने मिस यूनिवर्स में पाकिस्तान का प्रतिनिधित्व किया था, तब कट्टरपंथी इस्लामिक देशों में इसका विरोध हुआ था। उसे “शर्मनाक” तक बताया गया था। इसके बाद पाकिस्तान ने अंतरराष्ट्रीय ब्यूटी पेजेंट्स से दूरी बना ली है।

भारत की ओर से मिस वर्ल्ड 2025 में राजस्थान के कोटा की नंदिनी गुप्ता देश का प्रतिनिधित्व कर रही हैं। नंदिनी प्रोजेक्ट एकता के तहत दिव्यांगजनों के लिए कार्य कर रही हैं, जो उन्हें उनके पोलियो पीड़ित चाचा से प्रेरणा मिली है। उनका यह सामाजिक मिशन उनकी पहचान का अहम हिस्सा बन गया है।
यह तीसरी बार है जब भारत मिस वर्ल्ड प्रतियोगिता की मेजबानी कर रहा है। इससे पहले 1996 और 2024 में भी भारत में इस प्रतिष्ठित आयोजन का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया था। उल्लेखनीय है कि 1994 में ऐश्वर्या राय ने मिस वर्ल्ड का खिताब जीतकर भारत का नाम रोशन किया था, और इसके दो वर्ष बाद 1996 में भारत पहली बार इस आयोजन की मेजबानी बना।

मिस वर्ल्ड प्रतियोगिता में भाग लेने वाली महिलाओं को सिर्फ सुंदरता नहीं, बल्कि फैशन सेंस, सामाजिक सोच, ह्यूमर और स्टाइल जैसे पहलुओं पर भी परखा जाता है। यह प्रतियोगिता सिर्फ सौंदर्य नहीं, बल्कि प्रतिभा, संवेदना और समाज के प्रति सोच का भी प्रतीक बन चुकी है।
मिस वर्ल्ड 2025 भारत के लिए न केवल एक बड़ा आयोजन है, बल्कि एक बार फिर देश की सांस्कृतिक विविधता, महिलाओं की शक्ति और सौंदर्य के प्रति वैश्विक दृष्टिकोण को मंच देने का अवसर भी है।