1 अप्रैल 2026 से छत्तीसगढ़ सहित पूरे देश में कई अहम नियम बदलने जा रहे हैं, जिनका सीधा असर आम लोगों की जेब और रोजमर्रा की जिंदगी पर पड़ेगा। हर महीने की पहली तारीख को वित्तीय बदलाव होते हैं, लेकिन इस बार अप्रैल में कई बड़े फैसले लागू होंगे।
सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट पॉलिसी लागू
प्रदेश में 1 अप्रैल से नई सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट पॉलिसी लागू होगी। इसके तहत 100 से अधिक मेहमानों वाले आयोजनों के लिए आयोजकों को तीन दिन पहले नगर निगम को सूचना देना अनिवार्य होगा। नियमों का उल्लंघन करने पर 500 से 50,000 रुपये तक का जुर्माना लगाया जा सकेगा।
LPG सिलेंडर के दाम में बदलाव संभव
हर महीने की तरह इस बार भी 1 अप्रैल को LPG गैस सिलेंडर की कीमतों में बदलाव संभव है। मौजूदा हालात को देखते हुए घरेलू और कमर्शियल गैस के दाम बढ़ने की आशंका जताई जा रही है।
तीन महीने का राशन एक साथ मिलेगा
अप्रैल में हितग्राहियों को अप्रैल, मई और जून—तीनों महीनों का चावल एक साथ दिया जाएगा। तकनीकी समस्याओं और स्टॉक की कमी के चलते यह व्यवस्था लागू की जा रही है, ताकि वितरण में सुधार हो सके।
शराब के दाम बढ़ने की संभावना
नई आबकारी नीति के लागू होने के साथ प्रदेश में शराब की कीमतें बढ़ सकती हैं। सरकार ने संकेत दिए हैं कि लागत और नीति में बदलाव के अनुसार दरों में वृद्धि की जा सकती है।
UPI ट्रांजैक्शन पर नया सुरक्षा नियम
डिजिटल भुगतान को सुरक्षित बनाने के लिए भारतीय रिजर्व बैंक 1 अप्रैल से नया सुरक्षा नियम लागू करेगा। अब UPI ट्रांजैक्शन में दो-स्तरीय सुरक्षा प्रणाली लागू होगी, जिससे फ्रॉड पर रोक लगाने में मदद मिलेगी।
इन सभी बदलावों को देखते हुए लोगों को सलाह दी गई है कि वे अपने जरूरी काम समय रहते निपटा लें और नए नियमों की जानकारी रखकर ही आगे की योजना बनाएं।
