भोपाल में आयोजित ऑल इंडिया इंटर यूनिवर्सिटी वुडबॉल प्रतियोगिता 2025-26 में सरगुजा जिला वुडबॉल संघ के खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए जिले को गौरवान्वित किया। संघ के प्रतिभाशाली खिलाड़ी संदीप सिन्हा एवं साक्षी कुमारी ने संत गहिरा गुरु विश्वविद्यालय, सरगुजा की टीम का प्रतिनिधित्व करते हुए मिक्स डबल इवेंट में शानदार खेल का प्रदर्शन कर सिल्वर मेडल अपने नाम किया।
राष्ट्रीय कोच राजेश प्रताप सिंह ने बताया कि स्ट्रोक इवेंट मिक्स डबल स्पर्धा में संदीप सिन्हा और साक्षी कुमारी ने बेहतरीन तालमेल और कौशल का परिचय देते हुए रजत पदक हासिल किया। उन्होंने कहा कि विगत कई वर्षों से सरगुजा के खिलाड़ी वुडबॉल प्रतियोगिताओं में निरंतर पदक जीतते आ रहे हैं, जो नियमित प्रशिक्षण व्यवस्था और खिलाड़ियों की कड़ी मेहनत का परिणाम है। दोनों खिलाड़ी के.आर. टेक्निकल कॉलेज में अध्ययनरत हैं।
प्रतियोगिता में प्रीतम जायसवाल, प्रियांशु कुशवाहा, दीपक, निखिल गुप्ता एवं निशांत भगत ने भी सराहनीय प्रदर्शन किया। महिला वर्ग में अंजिल प्रीति टोप्पो, स्नेहा जायसवाल, श्रीजल जायसवाल, मोनालिसा तिग्गा एवं उर्मिला एक्का ने बेहतर खेल का प्रदर्शन कर टीम का मान बढ़ाया।
प्रतियोगिता के दौरान निर्णायक की महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले सरगुजा के राष्ट्रीय रेफरी रजत सिंह एवं आकाश दुबे को आयोजकों द्वारा सम्मानित किया गया।
