मुख्यमंत्री विष्णु देव साय राजधानी रायपुर स्थित बीटीआई मैदान में Confederation of All India Traders (कैट) द्वारा आयोजित नेशनल ट्रेड एक्सपो 2026 के समापन समारोह में शामिल हुए। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ में कृषि के साथ-साथ व्यापार और उद्योग के लिए भी अनुकूल वातावरण तैयार हुआ है, जिसके परिणामस्वरूप व्यापारी और उद्योग जगत राज्य में निवेश के लिए आगे आ रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने बताया कि वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी द्वारा वित्तीय वर्ष 2026-27 का 1 लाख 72 हजार करोड़ रुपये का बजट प्रस्तुत किया गया है। सरकार के तीसरे वर्ष में प्रस्तुत इस बजट की थीम “संकल्प” रखी गई है। पहले वर्ष का थीम “ज्ञान” था, जिसमें गरीब, युवा, अन्नदाता किसान और नारी के विकास पर फोकस किया गया था। दूसरे वर्ष विकास को गति देने के उद्देश्य से थीम “गति” रखा गया था।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह बजट प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मंत्र “सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास” की भावना पर आधारित है। बजट में विशेष ध्यान बस्तर और सरगुजा क्षेत्र के विकास पर दिया गया है। उन्होंने कहा कि वर्षों तक नक्सलवाद से प्रभावित रहे इन क्षेत्रों में अब विकास की नई धारा प्रवाहित हो रही है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के नेतृत्व और सुरक्षा बलों की कार्रवाई से नक्सलवाद पर निर्णायक प्रहार हुआ है तथा 31 मार्च 2026 तक इसे समाप्त करने का लक्ष्य रखा गया है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि अबूझमाड़ और जगरगुंडा जैसे क्षेत्रों में एजुकेशन सिटी स्थापित करने का प्रावधान बजट में किया गया है। साथ ही वन उत्पादों के वैल्यू एडिशन, कृषि विस्तार और स्थानीय अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाने पर विशेष कार्य किया जा रहा है। राज्य का लगभग 44 प्रतिशत क्षेत्र वनाच्छादित है और “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के तहत 7 करोड़ पौधे लगाए गए हैं।
उन्होंने कहा कि वर्ष 2047 तक विकसित भारत के निर्माण के साथ विकसित छत्तीसगढ़ का लक्ष्य भी तय किया गया है। आगामी पांच वर्षों में जीएसडीपी दर दोगुनी करने और 2047 तक राज्य का जीएसडीपी 75 लाख करोड़ रुपये तक पहुंचाने का लक्ष्य रखा गया है। नई उद्योग नीति के तहत विभिन्न शहरों में आयोजित इन्वेस्ट मीट के माध्यम से लगभग 8 लाख करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं, जिनमें से सेमीकंडक्टर और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस से जुड़े निवेश भी शामिल हैं।
मुख्यमंत्री ने वर्ष 2047 तक विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण में व्यापारियों की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया और नेशनल ट्रेड एक्सपो के सफल आयोजन के लिए कैट की टीम को बधाई दी। इस अवसर पर उन्होंने विभिन्न स्टॉलों का निरीक्षण किया और स्वदेशी पोस्टर का विमोचन किया।
कार्यक्रम में राष्ट्रीय व्यापारी कल्याण बोर्ड के चेयरमैन सुनील सिंघी, रायपुर की महापौर मीनल चौबे, कैट के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष अमर परवानी सहित बड़ी संख्या में व्यापारी और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
