रायपुर। जिले के आरंग विकासखंड के चंदखुरी ग्राम में माता कौशल्या महोत्सव 2026 का शुभारंभ कौशल विकास, तकनीकी शिक्षा एवं रोजगार मंत्री गुरु खुशवंत साहेब ने दीप प्रज्वलित कर किया। कार्यक्रम में मानस मंडली और सुप्रसिद्ध कलाकार पूनम विराट तिवारी को सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर मंत्री गुरु खुशवंत साहेब ने कहा कि यह महोत्सव मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में महिला सशक्तिकरण की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने बताया कि “महतारी वंदन योजना” की 25वीं किस्त जारी कर महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाया जा रहा है और उन्हें आगे बढ़ने के अवसर दिए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि सभी को भगवान श्रीराम के आदर्शों पर चलना चाहिए और प्रदेश सरकार उसी मार्ग पर कार्य कर रही है।
मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में अयोध्या में भगवान श्रीराम के जन्मस्थान पर भव्य मंदिर का निर्माण हुआ है। “रामलला दर्शन योजना” के तहत अब तक 42 हजार से अधिक श्रद्धालु अयोध्या जाकर दर्शन कर चुके हैं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार अंत्योदय की भावना के साथ अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है।
उन्होंने बताया कि प्रदेश में किसानों और महिलाओं के हित में लगातार कार्य किए जा रहे हैं। साथ ही नवा रायपुर में फिल्म सिटी, मेडिसिटी सहित कई विकास कार्य तेजी से आगे बढ़ रहे हैं।
माता कौशल्या महोत्सव को प्रदेश की समृद्ध लोकसंस्कृति, परंपरा और पहचान को सशक्त करने वाला महत्वपूर्ण मंच बताते हुए कहा गया कि ऐसे आयोजनों से जहां आस्था मजबूत होती है, वहीं स्थानीय कलाकारों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलता है। यह आयोजन प्रदेश की सांस्कृतिक पहचान को राष्ट्रीय स्तर पर स्थापित करने में भी अहम भूमिका निभा रहा है।
संस्कृति विभाग के संचालक विवेक आचार्य ने कहा कि महोत्सव महिला सशक्तिकरण को समर्पित है। यहां महिलाओं द्वारा संचालित स्टॉल लगाए गए हैं, जिनके माध्यम से स्व-रोजगार को बढ़ावा मिल रहा है। केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं का लाभ भी महिलाओं को मिल रहा है।
इस अवसर पर मोना सेन, कुमार बिश्वरंजन, अभिलाषा पैंकरा सहित अन्य जनप्रतिनिधि और अधिकारी उपस्थित रहे।
