रायपुर, राजधानी रायपुर के गुढ़ियारी इलाके में सड़क चौड़ीकरण के खिलाफ सोमवार को जोरदार विरोध प्रदर्शन देखने को मिला। कांग्रेस, भीम आर्मी और छत्तीसगढ़ क्रांति सेना के कार्यकर्ताओं के साथ बड़ी संख्या में स्थानीय लोग सड़क पर उतर आए और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की।
प्रदर्शन के चलते इलाके में यातायात पूरी तरह प्रभावित रहा और मुख्य मार्ग पर जाम की स्थिति बन गई। सैकड़ों की संख्या में लोग सड़क पर बैठकर चौड़ीकरण की कार्रवाई का विरोध करते रहे।
स्थिति को देखते हुए मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस द्वारा प्रदर्शनकारियों को समझाइश देने और हटाने की कोशिश की जा रही है, हालांकि प्रदर्शनकारी पीछे हटने को तैयार नहीं हैं। इलाके में तनाव का माहौल बना हुआ है।
इधर नगर निगम और जिला प्रशासन की टीम भी मौके पर पहुंच चुकी है। जानकारी के अनुसार, चौड़ीकरण की कार्रवाई के लिए बुलडोजर भी लाया गया है और प्रशासन स्थिति को नियंत्रित करते हुए आगे की कार्रवाई की तैयारी में है।
फिलहाल पुलिस और प्रशासन हालात पर नजर बनाए हुए हैं और स्थिति को शांतिपूर्ण तरीके से नियंत्रित करने के प्रयास जारी हैं।
