ढाका में नियुक्त भारत के उच्चायुक्त प्रणय वर्मा ने कहा है कि बांग्लादेश की नई सरकार के साथ संवाद को आगे बढ़ाने के लिए भारत उत्सुक है। उन्होंने नयी दिल्ली की ओर से ढाका के साथ सक्रिय और रचनात्मक बातचीत की इच्छा दोहराई।
विदेश मंत्री खलीलुर रहमान से मुलाकात के बाद पत्रकारों से बातचीत में उच्चायुक्त ने कहा कि यह एक शिष्टाचार भेंट और प्रारंभिक विचार-विमर्श था। बैठक में विदेश राज्य मंत्री शमा ओबैद भी मौजूद थीं।
वर्मा ने कहा, “हम बांग्लादेश की नई सरकार के साथ परस्पर हित और पारस्परिक लाभ के आधार पर सकारात्मक, रचनात्मक और भविष्योन्मुखी दृष्टिकोण के साथ काम करना चाहते हैं। हमारा उद्देश्य सभी क्षेत्रों में द्विपक्षीय सहयोग को और मजबूत करना है।”
गौरतलब है कि 12 फरवरी को हुए आम चुनाव में बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (बीएनपी) को दो-तिहाई बहुमत मिला, जिसके बाद 17 फरवरी को तारिक रहमान ने प्रधानमंत्री पद की शपथ ली। इसके साथ ही मोहम्मद यूनुस के नेतृत्व वाले अंतरिम शासन का कार्यकाल समाप्त हो गया।
उच्चायुक्त ने बताया कि चुनाव परिणाम आने के बाद प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने तारिक रहमान को बधाई संदेश भेजा था और बाद में दोनों नेताओं के बीच फोन पर भी बातचीत हुई। उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने नई सरकार के शपथ ग्रहण समारोह में भारत का प्रतिनिधित्व किया और ढाका में द्विपक्षीय बैठक भी की।
भारत ने स्पष्ट किया है कि वह बांग्लादेश के साथ स्थिर, सहयोगपूर्ण और भविष्य उन्मुख संबंधों को आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है।
