बलौदा बाजार । बलौदा बाजार-भाटापारा जिले में संचालित ‘मोर गाँव, मोर पानी’ महाभियान के तहत जल संरक्षण को जन-आंदोलन का स्वरूप देते हुए उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की गई है। प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के अंतर्गत निर्मित आवासों में मात्र 15 दिनों के भीतर 31,066 रेन वाटर हार्वेस्टिंग संरचनाओं का निर्माण कर नया कीर्तिमान स्थापित किया गया है।
यह उपलब्धि व्यापक जनजागरूकता, सामुदायिक सहभागिता और श्रमदान का उत्कृष्ट उदाहरण बनकर सामने आई है। कलेक्टर कुलदीप शर्मा के मार्गदर्शन एवं जिला पंचायत सीईओ दिव्या अग्रवाल के नेतृत्व में ‘मोर गाँव, मोर पानी महाभियान 2.0’ की शुरुआत 13 मार्च 2026 से की गई।
अभियान के सफल संचालन के लिए तिथिवार कार्यक्रम तय किए गए, जिससे योजनाबद्ध तरीके से कार्य पूर्ण किया जा सका। ग्रामीणों ने बढ़-चढ़कर श्रमदान किया, जिससे यह पहल एक जन-आंदोलन में परिवर्तित हो गई।
प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के अंतर्गत बने लगभग 300 वर्ग फीट आकार के प्रत्येक घर में रेन वाटर हार्वेस्टिंग संरचनाएं तैयार की गई हैं, जो वर्षा जल के संरक्षण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी। इन संरचनाओं के माध्यम से हर वर्ष हजारों लीटर पानी का संग्रहण संभव होगा, जिससे भूजल स्तर में वृद्धि, जल संकट में कमी और स्थायी जल प्रबंधन को बढ़ावा मिलेगा।
यह पहल न केवल वर्तमान जल आवश्यकताओं को पूरा करने में सहायक होगी, बल्कि भविष्य के लिए जल सुरक्षा सुनिश्चित करने की दिशा में भी एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगी।
जिला प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे इस जन-आंदोलन से जुड़कर अपने घरों और गांवों में अधिक से अधिक जल संरक्षण संरचनाएं बनाएं तथा ‘हर घर जल संचय’ के लक्ष्य को साकार करने में सक्रिय भागीदारी निभाएं।
