नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी को नया राष्ट्रीय अध्यक्ष मिलने पर मंगलवार को भाजपा मुख्यालय में भव्य समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नितिन नबीन को भाजपा का 12वां राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने पर बधाई दी और पार्टी नेताओं व कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। वरिष्ठ नेताओं, कार्यकर्ताओं और समर्थकों की मौजूदगी से पूरा माहौल उत्साह और ऊर्जा से भरा नजर आया।
प्रधानमंत्री मोदी ने अपने संबोधन में कहा, “मैं नितिन नबीन को दुनिया की सबसे बड़ी पार्टी का अध्यक्ष बनने पर बधाई देता हूं। जब पार्टी की बात आती है तो नितिन नबीन मेरे बॉस हैं और मैं एक पार्टी कार्यकर्ता हूं।” पीएम के इस बयान पर सभागार तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा।
आंतरिक चुनाव प्रक्रिया की सराहना
प्रधानमंत्री मोदी ने भाजपा की आंतरिक चुनाव प्रक्रिया को लोकतांत्रिक परंपराओं का उत्कृष्ट उदाहरण बताया। उन्होंने कहा कि बीते कई महीनों से देशभर में संगठनात्मक चुनाव संविधान के अनुरूप, जमीनी स्तर से लेकर शीर्ष पद तक, पूरी पारदर्शिता और अनुशासन के साथ संपन्न हुए हैं। यह प्रक्रिया अब पूरी हो चुकी है और यह भाजपा के मजबूत लोकतांत्रिक मूल्यों, संगठनात्मक अनुशासन और कार्यकर्ता-प्रथम दर्शन को दर्शाती है।
उन्होंने इस विशाल प्रक्रिया में शामिल लाखों कार्यकर्ताओं के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि यह संगठनात्मक चुनाव भारतीय जनता पार्टी के लोकतांत्रिक विश्वास और अनुशासन का प्रतीक है।
परंपरा, अनुभव और सेवा का संगम
पीएम मोदी ने कहा कि भाजपा का नेतृत्व मॉडल उसकी परंपरा, अनुभव और जनसेवा की भावना से प्रेरित है। “हमारा नेतृत्व परंपरा से प्रेरित, अनुभव से समृद्ध और जनसेवा एवं राष्ट्रसेवा की भावना से संगठन को आगे बढ़ाने वाला है,” उन्होंने कहा।
प्रधानमंत्री ने अंत में नितिन नबीन के नेतृत्व में पार्टी के और मजबूत होने का विश्वास जताते हुए सभी कार्यकर्ताओं को इस सफल संगठनात्मक प्रक्रिया के लिए बधाई दी।
