उन्नत तकनीक से खेती कर किसान चिंतामणी ने बढ़ाई अपनी आय
किसान यदि वैज्ञानिक पद्धति, उन्नत बीज और सही मार्गदर्शन के साथ खेती करें तो कम भूमि में भी अधिक उत्पादन और बेहतर लाभ प्राप्त किया जा सकता है। इसी क्रम में मुंगेली जिले के पथरिया विकासखंड के ग्राम करही के किसान चिंतामणि बंजारे ने नवाचार और आधुनिक तकनीक अपनाकर खेती को लाभकारी व्यवसाय में बदल दिया है।
उन्होंने पारंपरिक सब्जी खेती से आगे बढ़ते हुए उद्यानिकी विभाग के मार्गदर्शन में 10 एकड़ क्षेत्र में ग्राफ्टेड बैंगन की खेती की। इस खेती से उन्हें लगभग 1100 क्विंटल उत्पादन प्राप्त हुआ, जिससे करीब 16 लाख रुपये की आमदनी हुई।
कृषक चिंतामणी के अनुसार सामान्य फसल की तुलना में ग्राफ्टेड बैंगन की लागत अपेक्षाकृत कम आती है, जबकि उत्पादन अधिक होता है। परिणामस्वरूप आय दो से तीन गुना तक बढ़ जाती है। ग्राफ्टेड बैंगन की प्रमुख विशेषताएं इसकी मजबूत जड़ प्रणाली, रोग प्रतिरोधक क्षमता और अधिक उत्पादन क्षमता हैं।
पहले वे सामान्य सब्जियों की खेती करते थे, जिसमें लाभ सीमित और जोखिम अधिक था। उद्यानिकी विभाग के प्रोत्साहन, तकनीकी सलाह और उन्नत पौध सामग्री के उपयोग से उनकी खेती की दिशा बदल गई। उचित सिंचाई प्रबंधन, संतुलित उर्वरक उपयोग और नियमित देखभाल से फसल की गुणवत्ता बेहतर रही, जिससे बाजार में अच्छा मूल्य मिला।
आज वे न केवल आर्थिक रूप से सशक्त हुए हैं, बल्कि अन्य किसानों को भी उन्नत तकनीक अपनाने के लिए प्रेरित कर रहे हैं। ग्राफ्टेड बैंगन की खेती ने उनके परिवार की आय बढ़ाने के साथ-साथ गांव में आधुनिक कृषि की नई सोच को भी प्रोत्साहित किया है।
