नई दिल्ली। एशियाई कुश्ती चैंपियनशिप में भारतीय महिला पहलवानों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए देश का मान बढ़ाया है। जहां हंसिका लांबा और नेहा ने अपने-अपने भार वर्ग में कांस्य पदक जीते, वहीं मीनाक्षी गोयत ने 53 किग्रा वर्ग के फाइनल में जगह बनाकर स्वर्ण पदक की उम्मीदें जगा दी हैं।
महिला 55 किग्रा वर्ग में हंसिका लांबा ने किर्गिस्तान की अरूके कादिरबेक किजी को 6-1 से हराकर कांस्य पदक अपने नाम किया। मुकाबले में उन्होंने दूसरे राउंड में शानदार आक्रमण करते हुए बढ़त बनाई और जीत दर्ज की।
वहीं, 59 किग्रा वर्ग में नेहा ने मंगोलिया की बोलोरतुया खुरेल्खू को 10-4 से हराकर भारत की झोली में एक और कांस्य पदक डाला। इस जीत के साथ भारत के कुल पदकों की संख्या सात तक पहुंच गई है।
सबसे रोमांचक प्रदर्शन 53 किग्रा वर्ग में मीनाक्षी गोयत का रहा। उन्होंने सेमीफाइनल में दक्षिण कोरिया की सियोयंग पार्क को आखिरी पलों में मात दी। मुकाबले के अंतिम 30 सेकंड तक वह 0-2 से पीछे थीं, लेकिन शानदार चार अंकों के थ्रो के साथ बाजी पलटते हुए फाइनल में प्रवेश किया।
फाइनल में मीनाक्षी का मुकाबला चीन की जिन झांग से होगा, जिन्होंने जापान की मोए कियूक्का को हराकर फाइनल में जगह बनाई है।
इसके अलावा, हर्षिता (72 किग्रा) और मोनिका (65 किग्रा) भी कांस्य पदक के लिए मुकाबला करेंगी। हर्षिता का सामना उज्बेकिस्तान की सेविंचॉय पोल्वोनोवा से होगा, जबकि मोनिका कोरिया की हानबिट ली से भिड़ेंगी।
भारतीय टीम का यह प्रदर्शन आगामी मुकाबलों के लिए उत्साह बढ़ाने वाला है, जहां अब सभी की निगाहें मीनाक्षी के स्वर्ण पदक मुकाबले पर टिकी हैं।
