अंडमान-निकोबार द्वीप समूह के मायाबंदर इलाके में मंगलवार सुबह एक बड़ा हवाई हादसा टल गया। उत्तरी और मध्य अंडमान जिले में उड़ान भर रहा एक हेलीकॉप्टर तकनीकी खराबी के कारण अनियंत्रित होकर समुद्र में गिर गया। राहत की बात यह रही कि समय पर रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कर दिया गया और चालक दल समेत सभी सात लोगों को सुरक्षित बचा लिया गया।
अधिकारियों के अनुसार यह दुर्घटना सुबह करीब साढ़े नौ बजे हुई। समुद्र के बीच से बचाए गए सभी यात्रियों और चालक दल के सदस्यों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सभी की हालत स्थिर बताई जा रही है।
एक वरिष्ठ नागर विमानन अधिकारी ने बताया कि हेलीकॉप्टर ने सुबह 8 बजकर 45 मिनट पर उड़ान भरी थी और लगभग साढ़े नौ बजे तकनीकी खराबी के कारण समुद्र में उतरना पड़ा। प्रारंभिक जांच में तकनीकी गड़बड़ी की आशंका जताई गई है।
जांच के आदेश
प्रशासन ने घटना की उच्चस्तरीय जांच के आदेश दे दिए हैं। अधिकारियों का कहना है कि विस्तृत जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि उड़ान से पहले रखरखाव (मेंटेनेंस) में किसी प्रकार की कमी थी या नहीं।
फिलहाल सभी यात्री सुरक्षित हैं और मामले की जांच जारी है।
