वर्ष 2024 में 30 से 100 बिस्तरीय अस्पताल में उन्नयन, 94 पदों को मिली स्वीकृति
वर्ष 2022 में केवल 30 बिस्तरीय भवन निर्माण को दी गई थी मंजूरी
बगीचा , सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बगीचा को लेकर कुछ माध्यमों में यह भ्रामक और तथ्यहीन प्रचार किया जा रहा है कि पूर्व मुख्यमंत्री द्वारा 100 बिस्तरीय अस्पताल की घोषणा की गई थी, जबकि उद्घाटन केवल 30 बिस्तरीय अस्पताल का किया गया। यह दावा वास्तविक तथ्यों के अनुरूप नहीं है।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी, जशपुर द्वारा दी गई तथ्यात्मक जानकारी के अनुसार वर्ष 2022 में छत्तीसगढ़ शासन के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग द्वारा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बगीचा के नवीन भवन निर्माण की स्वीकृति प्रदान की गई थी। यह स्वीकृति केवल 30 बिस्तरीय भवन संरचना के लिए थी, जिसकी अनुमानित लागत लगभग 243.72 लाख रुपये निर्धारित की गई थी। यह स्वीकृति भवन के तकनीकी मानकों तक सीमित थी और इससे अस्पताल की अंतिम चिकित्सा क्षमता निर्धारित नहीं होती थी।
राज्य में नई सरकार के गठन के पश्चात मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के निर्देशानुसार स्वास्थ्य सेवाओं के सुदृढ़ीकरण की दिशा में ठोस पहल की गई। इसी क्रम में वर्ष 2024 में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बगीचा को 100 बिस्तरीय अस्पताल के रूप में उन्नयन की स्वीकृति दी गई। इस उन्नयन के अंतर्गत शासन द्वारा कुल 94 पदों को स्वीकृति प्रदान की गई, जिसमें विशेषज्ञ चिकित्सक, मेडिकल ऑफिसर, नर्सिंग स्टाफ, पैरामेडिकल एवं सहायक कर्मचारी शामिल हैं।
94 पदों की स्वीकृति इस बात का स्पष्ट प्रमाण है कि बगीचा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र को पूर्ण रूप से 100 बिस्तरीय अस्पताल के रूप में विकसित किया गया है। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी, जशपुर ने स्पष्ट किया कि वर्ष 2022 में दी गई स्वीकृति केवल 30 बिस्तरीय भवन निर्माण तक सीमित थी, जबकि वर्ष 2024 में अस्पताल को 100 बिस्तरीय स्तर तक उन्नत किया गया तथा इसके संचालन हेतु आवश्यक मानव संसाधन की भी विधिवत मंजूरी दी गई।
इस प्रकार 100 बिस्तरीय अस्पताल को 30 बिस्तरीय बताए जाने संबंधी प्रचार पूरी तरह भ्रामक और तथ्यहीन है। वास्तविकता यह है कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की जनहितैषी सोच और निर्णायक नेतृत्व में बगीचा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र को नई पहचान मिली है, जिससे क्षेत्र की जनता को बेहतर, सुलभ और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध हो सकेंगी।
