WhatsApp Member Tag Feature: मैसेजिंग ऐप WhatsApp लगातार यूजर्स के अनुभव को बेहतर बनाने के लिए नए-नए फीचर्स पेश कर रहा है। नए साल से पहले स्टिकर्स, स्टेटस इमेज एडिटर और कई छोटे अपडेट्स के बाद अब WhatsApp ने एक ऐसा खास फीचर लॉन्च किया है, जो बड़े ग्रुप्स में होने वाली सबसे आम समस्या कन्फ्यूजन को खत्म करने में मदद करेगा। इस नए फीचर को Contact Info Page फीचर कहा जा रहा है, जिसे आमतौर पर Member Tag फीचर के नाम से जाना जा रहा है।
क्या है WhatsApp का नया Member Tag फीचर?
टेक अपडेट्स पर नजर रखने वाली वेबसाइट WABetaInfo के अनुसार, यह फीचर खासतौर पर ग्रुप चैट्स के लिए डिजाइन किया गया है। अक्सर ऑफिस, स्कूल, सोसायटी या बड़े संस्थानों के WhatsApp ग्रुप्स में यह समझना मुश्किल हो जाता है कि कौन सदस्य किस भूमिका में है। इसी समस्या के समाधान के लिए WhatsApp ने अब कस्टमाइजेबल मेंबर टैग की सुविधा दी है।
इस फीचर के तहत ग्रुप मेंबर्स अपने नाम के साथ एक टैग या लेबल जोड़ सकते हैं, जिससे उनकी जिम्मेदारी या भूमिका साफ तौर पर दिखाई देगी।

कैसे काम करेगा Member Tag फीचर?
मान लीजिए आप किसी ऑफिस या संस्था के WhatsApp ग्रुप का हिस्सा हैं। इस फीचर के जरिए आप अपने नाम के आगे Team Leader, Admin, Moderator, Coordinator, Content Manager जैसे टैग जोड़ सकते हैं। जब भी आप ग्रुप में मैसेज भेजेंगे, अन्य मेंबर्स तुरंत समझ जाएंगे कि मैसेज भेजने वाला व्यक्ति कौन है और उसकी भूमिका क्या है। इससे बार-बार पहचान पूछने और अनावश्यक बातचीत की जरूरत खत्म हो जाएगी।
बड़े ग्रुप्स के लिए क्यों है यह फीचर खास?
इस फीचर का सबसे बड़ा फायदा यह है कि किसी खास समस्या या जानकारी के लिए किससे संपर्क करना है, यह तुरंत तय हो जाएगा। सैकड़ों सदस्यों वाले WhatsApp ग्रुप्स में सही व्यक्ति तक पहुंचने में जो समय लगता था, वह अब काफी हद तक बच जाएगा। स्कूल, कॉलेज, ऑफिस, सोसायटी और कॉरपोरेट ग्रुप्स के लिए यह फीचर बेहद उपयोगी साबित हो सकता है।

किन यूजर्स को मिला यह अपडेट?
फिलहाल यह नया फीचर WhatsApp iOS वर्जन 25.37.74 के लिए रोलआउट किया गया है। iPhone यूजर्स App Store से WhatsApp अपडेट कर इस फीचर का इस्तेमाल कर सकते हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, आने वाले समय में यह अपडेट Android यूजर्स के लिए भी जारी किया जा सकता है।
