Nepal Gen-Z Protest: सोशल मीडिया बैन के खिलाफ युवा सड़कों पर, 8 की मौत, 80 घायल
नेपाल में सोशल मीडिया एप्स पर अचानक बैन लगाए जाने के बाद देशभर में हिंसक प्रदर्शन हुए हैं। 3 सितंबर को नेपाल सरकार ने सभी प्रमुख सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर बैन लगा दिया था, जिसके विरोध में Gen-Z यानी युवा पीढ़ी सड़कों पर उतर आई।
प्रदर्शन के दौरान हुई झड़प में अब तक 8 लोगों की मौत और 80 से ज्यादा घायल होने की खबर मिली है। युवा पीढ़ी का आरोप है कि यह बैन उनकी अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता पर हमला है।
क्यों लगाया गया बैन?
सरकार का कहना है कि देश में कई सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स बिना रजिस्ट्रेशन के काम कर रहे थे। इसलिए 3 सितंबर को अंतिम डेडलाइन दी गई थी। रजिस्ट्रेशन न कराने वाले फेसबुक, एक्स (ट्विटर), व्हाट्सएप, यूट्यूब सहित 26 सोशल मीडिया एप्स पर बैन लगाया गया।
सरकार ने अपने बयान में कहा कि यह कदम केवल “नियमों के पालन” के लिए उठाया गया है। हालांकि विपक्षी दलों और युवाओं का मानना है कि यह कदम असहमति की आवाज़ दबाने की कोशिश है।
इस बैन ने नेपाल में डिजिटल कम्युनिकेशन को ठप्प कर दिया है और युवाओं में भारी गुस्सा और विरोध की लहर फैला दी है।
