कुछ फीचर्स मुफ्त नहीं होंगे, AI टूल्स मिल सकते हैं एक्स्ट्रा चार्ज पर
मेटा अपने लोकप्रिय प्लेटफॉर्म्स Instagram, Facebook और WhatsApp पर नए प्रीमियम फीचर्स की टेस्टिंग शुरू करने जा रहा है। कंपनी ने संकेत दिए हैं कि आने वाले महीनों में यूजर्स के लिए पेड सब्सक्रिप्शन प्लान पेश किए जा सकते हैं। हालांकि, मेटा ने साफ किया है कि बेसिक सुविधाएं पहले की तरह मुफ्त ही रहेंगी।
मेटा के अनुसार, इन प्रीमियम सब्सक्रिप्शन के जरिए यूजर्स को ज्यादा कंट्रोल, एक्सक्लूसिव फीचर्स और एडवांस्ड AI टूल्स तक पहुंच मिलेगी। यह प्लान खास तौर पर उन यूजर्स, कंटेंट क्रिएटर्स और बिजनेस अकाउंट्स को ध्यान में रखकर तैयार किया जा रहा है, जो प्लेटफॉर्म्स का प्रोफेशनल और क्रिएटिव इस्तेमाल करते हैं।
क्या है मेटा का प्लान?
TechCrunch से बातचीत में मेटा ने बताया कि वह अलग-अलग ऐप्स के लिए अलग-अलग सब्सक्रिप्शन मॉडल और फीचर बंडल्स की टेस्टिंग करेगा। कंपनी का कहना है कि इस पहल का मकसद केवल रेवेन्यू बढ़ाना नहीं, बल्कि यूजर्स की प्रोडक्टिविटी और क्रिएटिविटी को बेहतर बनाना है।
AI टूल्स होंगे प्रीमियम का बड़ा हिस्सा
मेटा अपने नए सब्सक्रिप्शन प्लान में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस को अहम भूमिका देने जा रहा है। कंपनी हाल ही में खरीदे गए AI एजेंट Manus को अपने प्लेटफॉर्म्स में इंटीग्रेट कर सकती है। इसके अलावा बिजनेस यूजर्स के लिए AI-आधारित टूल्स के अलग सब्सक्रिप्शन भी लॉन्च किए जा सकते हैं।
मेटा का AI-बेस्ड वीडियो टूल Vibes भी फ्री के साथ-साथ प्रीमियम मॉडल में आ सकता है, जहां ज्यादा वीडियो क्रिएशन के लिए यूजर्स को सब्सक्रिप्शन लेना होगा।
मेटा वेरिफाइड से कितना अलग होगा नया प्लान?
मेटा ने स्पष्ट किया है कि यह नया प्रीमियम सब्सक्रिप्शन Meta Verified से अलग होगा। मेटा वेरिफाइड का फोकस ब्लू टिक, अकाउंट सुरक्षा और डायरेक्ट सपोर्ट पर है, जबकि नया प्लान सामान्य यूजर्स, क्रिएटर्स और प्रोफेशनल्स के लिए एडवांस फीचर्स और नए अनुभव देने पर केंद्रित होगा।
कंपनी का कहना है कि मेटा वेरिफाइड से मिले अनुभवों को ध्यान में रखते हुए अब आम यूजर्स की जरूरतों के अनुसार नए प्रीमियम फीचर्स विकसित किए जा रहे हैं।
