सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम ने अपने इंटरफेस में बड़ा बदलाव शुरू किया है। कंपनी भारत में एक नए फीचर का परीक्षण कर रही है, जिसके तहत ऐप खुलते ही सीधा “रील्स फीड” दिखाई देगा, यानी अब इंस्टाग्राम पूरी तरह रील्स-फर्स्ट अनुभव देने जा रहा है।
अब तक जहां होम स्क्रीन पर फोटो पोस्ट्स को प्राथमिकता दी जाती थी, वहीं अब उन्हें एक अलग ‘Following’ सेक्शन में स्थानांतरित किया गया है। इस सेक्शन में तीन टैब होंगे —
- All: सुझाए गए और फॉलो किए गए अकाउंट्स की पोस्ट्स
- Friends: जो अकाउंट्स यूज़र को भी फॉलो करते हैं
- Latest: समय के क्रम में दिखाई देने वाली पोस्ट्स
नई व्यवस्था में सबसे ऊपर स्टोरीज़ होंगी, जबकि नीचे स्क्रॉल करने पर पूरी स्क्रीन रील्स से भर जाएगी। नेविगेशन बार में भी बदलाव हुआ है — अब रील्स और डायरेक्ट मैसेज (DMs) को प्रमुख स्थान दिया गया है।
मेटा के अनुसार, इंस्टाग्राम पर अब सबसे अधिक उपयोग रील्स और डीएम फीचर्स का हो रहा है, खासतौर पर युवा यूज़र्स के बीच। इसी वजह से कंपनी ने ऐप को टिकटॉक की तरह वीडियो-केंद्रित प्लेटफॉर्म बनाने की दिशा में कदम बढ़ाया है।
इंस्टाग्राम प्रमुख एडम मोसेरी ने भी हाल में कहा था कि अब क्रिएटर्स और यूज़र्स दोनों का ध्यान फोटो पोस्ट्स से अधिक शॉर्ट वीडियो और मैसेजिंग पर है।
फिलहाल यह फीचर भारत समेत चुनिंदा क्षेत्रों में टेस्ट किया जा रहा है। कंपनी का कहना है कि यह अनुभव वैकल्पिक रहेगा — जो यूज़र चाहें, पुराने लेआउट पर बने रह सकते हैं।
विशेषज्ञों का मानना है कि यह कदम इंस्टाग्राम के लिए डिजिटल प्लेटफॉर्म पर शॉर्ट वीडियो कंटेंट की बढ़ती लोकप्रियता को भुनाने की दिशा में एक बड़ा बदलाव साबित हो सकता है।
